अलवर एनएसयूआई जिला अध्यक्ष सतीश पटेल हिरासत में, अमित शाह की सभा में जाने से रोका
अलवर में केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह की रविवार को प्रस्तावित सभा से पहले पुलिस प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड पर है। इसी बीच रामगढ़ से अलवर जा रहे एनएसयूआई के जिला अध्यक्ष सतीश पटेल को बगड़ तिराया पुलिस ने उनके कार्यकर्ताओं के साथ हिरासत में लिया है।
जानकारी के अनुसार सतीश पटेल कांग्रेस कार्यकर्ताओं के साथ अलवर में मुख्यमंत्री को सौंपे जाने वाले ज्ञापन में शामिल होने के लिए जा रहे थे। इसी दौरान बगड़ तिराया पुलिस ने उन्हें रोक लिया और हिरासत में ले लिया। बताया जा रहा है कि अमित शाह की सभा के दौरान किसी तरह की विवादित स्थिति या विरोध प्रदर्शन की आशंका को देखते हुए पुलिस ने एहतियातन यह कार्रवाई की है।
अमित शाह के अलवर दौरे को लेकर पुलिस प्रशासन ने सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर रखी है। सभा स्थल के साथ-साथ शहर में आने-जाने वाले प्रमुख मार्गों पर भी पुलिस की निगरानी बढ़ाई गई है। पुलिस द्वारा कांग्रेस कार्यकर्ताओं और अन्य राजनीतिक गतिविधियों पर भी नजर रखी जा रही है।
Alwar, Alwar | Aug 16, 2026