*पेपरलेस निबंधन से आसान हुई प्रक्रिया, आमजन की सुविधा के लिए व्यवस्थाओं को और बेहतर बनाने के निर्देश*
*
*पेपरलेस निबंधन व्यवस्था को अधिक सहज एवं पारदर्शी बनाने के लिए हेल्पडेस्क, फ्लो चार्ट, चेकलिस्ट एवं सूचना प्रदर्शन की व्यवस्था सुदृढ़ करने का निर्देश:- जिलाधिकारी*
=================
सारण, 22 अगस्त 2026
=================
जिला पदाधिकारी, सारण श्री वैभव श्रीवास्तव ने आज जिला निबंधन कार्यालय का निरीक्षण कर निबंधन प्रक्रिया, विभिन्न काउंटरों, आम नागरिकों को उपलब्ध कराई जा रही सुविधाओं तथा वर्तमान *ऑनलाइन एवं पेपरलेस निबंधन व्यवस्था* का विस्तृत जायजा लिया। उन्होंने कहा कि पुराने कागजी एवं अधिक प्रक्रियात्मक तरीके की तुलना में वर्तमान पेपरलेस व्यवस्था को आमजन के लिए और अधिक *सरल, सहज, पारदर्शी एवं सुविधाजनक* बनाया जाना आवश्यक है।
निरीक्षण के दौरान जिला पदाधिकारी ने निबंधन कार्यालय में उपस्थित आम नागरिकों एवं रैयतों से सीधे संवाद कर निबंधन प्रक्रिया में उन्हें होने वाली कठिनाइयों, उपलब्ध सुविधाओं एवं अपेक्षाओं की जानकारी ली। उन्होंने संबंधित पदाधिकारियों को प्राप्त सुझावों एवं समस्याओं का त्वरित समाधान सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।
जिला पदाधिकारी ने कहा कि पेपरलेस व्यवस्था का उद्देश्य केवल कागज का उपयोग कम करना नहीं, बल्कि *निबंधन की पूरी प्रक्रिया को कम समय में, कम परेशानी के साथ और अधिक पारदर्शिता* के साथ पूरा कराना है। इसके लिए नागरिकों को आवेदन से लेकर दस्तावेज प्राप्त करने तक प्रत्येक चरण की स्पष्ट जानकारी एक ही स्थान पर उपलब्ध होनी चाहिए।
निरीक्षण के दौरान उन्होंने ‘मे *आई हेल्प यू’* काउंटर का जायजा लिया तथा इसे आमजन के लिए और अधिक सुविधाजनक बनाने के लिए खिड़की में स्लाइडिंग की व्यवस्था एवं बाहर की ओर अतिरिक्त काउंटर विकसित करने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि कार्यालय आने वाले नागरिकों को प्रारंभिक स्तर पर ही सही जानकारी मिल जाए, ताकि उन्हें अनावश्यक रूप से विभिन्न काउंटरों के चक्कर न लगाने पड़ें।
जिला पदाधिकारी ने निबंधन की पूरी प्रक्रिया को सरल भाषा में समझाने के लिए फ्लो *चार्ट तैयार कर होर्डिंग/फ्लेक्स के माध्यम से प्रदर्शित* करने का निर्देश दिया। इसमें ऑनलाइन आवेदन, आवश्यक दस्तावेज, शुल्क, सत्यापन, पेपरलेस प्रक्रिया एवं निबंधित दस्तावेज प्राप्त करने तक की पूरी प्रक्रिया को क्रमवार प्रदर्शित करने को कहा गया।
उन्होंने सभी लिपिकों एवं संबंधित कर्मियों को निबंधन प्रक्रिया तथा आमजन को आवश्यक जानकारी उपलब्ध कराने के लिए प्रशिक्षित करने का निर्देश दिया। पब्लिक इंटरेक्शन वाले काउंटरों पर प्रशिक्षित एवं व्यवहार कुशल कर्मियों की प्रतिनियुक्ति सुनिश्चित करने को कहा, ताकि पेपरलेस प्रक्रिया से संबंधित किसी भी शंका का समाधान नागरिकों को मौके पर ही मिल सके।
जिला पदाधिकारी ने *आरटीआई काउंटर एवं संचिकाओं के निष्पादन जैसे आंतरिक कार्यों* से संबंधित काउंटरों को पब्लिक इंटरेक्शन वाले स्थान से अलग कर कार्यालय के अंदर की ओर व्यवस्थित करने का निर्देश दिया, ताकि नागरिकों के लिए बनाए गए सेवा काउंटरों पर बेहतर एवं सुचारू व्यवस्था सुनिश्चित हो सके।
उन्होंने हेल्पडेस्क की व्यवस्था को और सुदृढ़ करते हुए *तीन हेल्पडेस्क* सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। साथ ही आवश्यक दस्तावेजों की चेकलिस्ट, निर्धारित शुल्क, प्रक्रिया एवं अन्य जरूरी जानकारी स्पष्ट रूप से प्रदर्शित करने को कहा, ताकि नागरिकों को बार-बार जानकारी के लिए किसी अन्य व्यक्ति पर निर्भर न रहना पड़े।
उन्होंने अक्सर पूछे जाने वाले प्रश्नों (FAQ) एवं सामान्य शंकाओं से संबंधित जानकारी का विशेष होर्डिंग/फ्लेक्स कार्यालय के बाहर प्रदर्शित कराने तथा कार्यालय के बाहर नोटिस बोर्ड के समीप *टीवी स्क्रीन* लगाने का निर्देश दिया। स्क्रीन पर निबंधन प्रक्रिया, फ्लो चार्ट एवं आवश्यक दिशा-निर्देश लगातार प्रदर्शित किए जाएंगे।
निरीक्षण के दौरान जिला पदाधिकारी ने *स्पॉट फोटो एवं जीपीएस* आधारित फोटो से संबंधित प्रक्रिया की जानकारी ली। अवर निबंधक श्री अभिषेक सिंह ने बताया कि वर्तमान व्यवस्था के तहत संबंधित प्रक्रिया में जीपीएस आधारित फोटो अनिवार्य है तथा *ऑनलाइन पेपरलेस व्यवस्था लागू है।*
राशि जमा करने एवं चालान जमा करने की प्रक्रिया की समीक्षा के दौरान जिला पदाधिकारी ने आमजन की सुविधा को ध्यान में रखते हुए चालान जमा करने की *समयावधि 3:30 बजे से बढ़ाकर 4:00 बजे तक* करने के संबंध में आवश्यक निर्देश दिए, ताकि नागरिकों को अतिरिक्त सुविधा मिल सके।
निरीक्षण के क्रम में जिला पदाधिकारी ने स्वयं एक रैयत को *निबंधित डीड के कागजात सौंपे।* उन्होंने दस्तावेज उपलब्ध कराने की व्यवस्था की समीक्षा करते हुए आमजन को बेहतर गुणवत्ता में दस्तावेज उपलब्ध कराने के लिए *कलर प्रिंटर की सुविधा* सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।
उन्होंने चालान काउंटर का भी निरीक्षण किया तथा इसे आमजन की सुविधा के अनुरूप अधिक व्यवस्थित एवं सुलभ बनाने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि पेपरलेस *निबंधन व्यवस्था का वास्तविक लाभ तभी मिलेगा, जब नागरिकों को निबंधन की प्रक्रिया, आवश्यक दस्तावेज, निर्धारित शुल्क, समय-सीमा एवं अन्य जरूरी जानकारी सरल एवं स्पष्ट रूप* से उपलब्ध हो।
जिला पदाधिकारी ने कहा कि आधुनिक पेपरलेस व्यवस्था से निबंधन प्रक्रिया को पुराने कागजी तरीके की तुलना में अधिक *सुगम, पारदर्शी एवं समयबद्ध* बनाया जा सकता है। कार्यालय की व्यवस्थाओं को इस प्रकार विकसित किया जाए कि आम नागरिक को कम से कम परेशानी हो और निबंधन कार्य के लिए अनावश्यक रूप से कार्यालय में अधिक समय नहीं बिताना पड़े।
उन्होंने संबंधित पदाधिकारियों को निरीक्षण के दौरान दिए गए सभी निर्देशों का शीघ्र अनुपालन सुनिश्चित करने तथा जिला निबंधन कार्यालय में *आमजन की सुविधा, पारदर्शिता और सम्मानजनक सेवा वितरण* को सर्वोच्च प्राथमिकता देने का निर्देश दिया।
Saharsa, Bihar | Aug 22, 2026