राष्ट्रीय लॉन बाउल्स चैंपियनशिप के लिए पूर्वी चम्पारण के चितरंजन कुमार का चयन
पूर्वी चंपारण जिले के ढाका प्रखंड अंतर्गत परसा निवासी एवं राष्ट्रीय लॉन बाउल्स खिलाड़ी चितरंजन कुमार का ओडिशा में आयोजित होने वाली पहली अंडर-18 एवं छठी अंडर-25 राष्ट्रीय लॉन बाउल्स चैंपियनशिप के लिए चयन हुआ है। चितरंजन कुमार वर्तमान में उपाधीक्षक, शारीरिक शिक्षा कार्यालय, पूर्वी चंपारण में प्रतिनियुक्त कर्मी के रूप में कार्यरत हैं।
राष्ट्रीय प्रतियोगिता के लिए चयन के पश्चात खिलाड़ियों के लिए दस दिवसीय प्रशिक्षण शिविर का आयोजन पटना स्थित गुलजारबाग खेल परिसर में किया जा रहा है। प्रशिक्षण शिविर में चयनित खिलाड़ी प्रतियोगिता की तैयारियों को अंतिम रूप दे रहे हैं।
बिहार सरकार के द्वारा मेडल लाओ नौकरी पाओ योजना के तहत राष्ट्रीय खिलाड़ी चितरंजन कुमार को निम्नवर्गीय लिपिक के पद पर समाहरणालय पूर्वी चम्पारण ,मोतिहारी में नियुक्ति दी गई है।
चितरंजन कुमार के चयन से पूर्वी चंपारण के खेल प्रेमियों एवं लॉन बाउल्स खिलाड़ियों में हर्ष का माहौल है। स्थानीय लोगों ने उनके चयन पर बधाई देते हुए राष्ट्रीय स्तर पर जिले का नाम रोशन करने की शुभकामनाएं दी हैं।
खेल प्रेमियों का कहना है कि चितरंजन कुमार का राष्ट्रीय प्रतियोगिता के लिए चयन जिले में लॉन बाउल्स खेल को नई पहचान दिलाने के साथ-साथ युवा खिलाड़ियों को भी इस खेल के प्रति प्रेरित करेगा।
Information & Public Relations Department, Government of Bihar Sports Authority of India
East Champaran, Bihar | Oct 6, 2026