गांधी जयंती पर स्वच्छता एवं नशामुक्त भारत की ली शपथ
________________
सफाई संरक्षकों का सम्मान, कुंदा नदी में किया श्रमदान
________________
विधायक पाटीदार सहित जनप्रतिनिधियों ने महात्मा गांधी और शास्त्री जी की प्रतिमा पर किया माल्यार्पण
________________
खरगोन 02 अक्टूबर 2026। राष्ट्रपिता महात्मा गांधी एवं पूर्व प्रधानमंत्री स्वर्गीय लाल बहादुर शास्त्री जी की जयंती के अवसर पर नगर पालिका परिषद खरगोन द्वारा नगरपालिका कार्यालय भवन स्थित गांधी उद्यान में कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में क्षेत्रीय विधायक श्री बालकृष्ण पाटीदार, नगरपालिका अध्यक्ष श्रीमती छाया अरुण जोशी, उपाध्यक्ष श्री भोलू कर्मा सहित सभापति, पार्षदगण, पार्षद प्रतिनिधि, एल्डरमेन एवं अन्य जनप्रतिनिधियों ने महात्मा गांधी एवं लाल बहादुर शास्त्री जी की प्रतिमा का पूजन-अर्चन कर माल्यार्पण किया।
इस अवसर पर विधायक श्री बालकृष्ण पाटीदार ने कहा कि महात्मा गांधी ने जिस भारत का सपना देखा था, उसमें केवल राजनीतिक आजादी ही नहीं, बल्कि स्वच्छ एवं विकसित देश की भी कल्पना थी। उन्होंने कहा कि अब हमारा कर्तव्य है कि स्वच्छता को अपनाकर देश की सेवा में योगदान दें।
कार्यक्रम में उपस्थित जनप्रतिनिधियों, अधिकारी-कर्मचारियों एवं नागरिकों ने ‘‘एक कदम स्वच्छता की ओर’’ तथा ‘‘नशामुक्त भारत अभियान’’ के तहत शपथ ली। शपथ में प्रतिवर्ष 100 घंटे अर्थात प्रत्येक सप्ताह 2 घंटे श्रमदान कर स्वच्छता के संकल्प को साकार करने तथा नशामुक्त भारत अभियान के अंतर्गत स्वयं, परिवार एवं समुदाय को नशामुक्त बनाने का संकल्प लिया गया।
उत्कृष्ट कार्य करने वाले सफाई संरक्षकों का सम्मान
स्वच्छ भारत मिशन 2026 के अंतर्गत स्वच्छता के क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य करने वाले नगर पालिका परिषद के सफाई संरक्षकों को सम्मानित किया गया। इसके साथ ही ‘‘एक दिन, एक घंटा, एक साथ’’ श्रमदान अभियान के तहत नगर की जीवनदायिनी कुंदा नदी में स्वच्छता अभियान चलाकर जनप्रतिनिधियों एवं नगरपालिका अधिकारी-कर्मचारियों ने श्रमदान किया।
कार्यक्रम में लोक निर्माण समिति सभापति श्री धीरेंद्र सिंह चौहान, पार्षद श्री जगन्नाथ सांवले, श्री संतोष वर्मा, श्री भागीरथ बड़ोले, एल्डरमेन श्रीमती सुनीता गांगले, श्री अनिल गुप्ता, श्री युवराज व्यास, पार्षद प्रतिनिधि श्री दिनेश पाटीदार, युवा मंडल अध्यक्ष श्री रवि वर्मा सहित अन्य जनप्रतिनिधि तथा नगर पालिका परिषद खरगोन के अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।
#JansamparkMP #khargone #सेवा_संकल्प_अभियान
Khargone (West Nimar), Madhya Pradesh | Oct 2, 2026