महेश्वर में नर्मदा घाट पर वृहद स्वच्छता श्रमदान आयोजित
________________
‘‘सेवा मेरा योगदान’’ अभियान के तहत प्लास्टिक मुक्त एवं नशामुक्ति का दिया संदेश
________________
जनभागीदारी से स्वच्छता का संकल्प, नागरिकों ने लिया अभियान में सहभागिता का संकल्प
________________
खरगोन 02 अक्टूबर 2026। मध्यप्रदेश शासन के निर्देशानुसार 2 से 10 अक्टूबर 2026 तक संचालित ‘‘सेवा संकल्प अभियान’’ के अंतर्गत ‘‘सेवा मेरा योगदान’’ कार्यक्रम की शुरुआत की गई। इसी क्रम में नगर परिषद महेश्वर द्वारा प्रसिद्ध नर्मदा घाट पर वृहद स्वच्छता श्रमदान, प्लास्टिक मुक्त अभियान एवं नशामुक्ति अभियान चलाया गया।
नगर परिषद अध्यक्ष श्रीमती अलका गजराज यादव एवं मुख्य नगरपालिका अधिकारी श्री प्रियंक पंड्या के मार्गदर्शन में आयोजित कार्यक्रम में निकाय के अधिकारी-कर्मचारियों के साथ स्थानीय नागरिकों एवं युवाओं ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की। इस दौरान नर्मदा घाट एवं आसपास के क्षेत्र में स्वच्छता श्रमदान करते हुए कचरा एकत्र किया गया तथा नागरिकों को सार्वजनिक स्थलों एवं जलस्रोतों को स्वच्छ रखने का संदेश दिया गया।
कार्यक्रम में उपस्थित नागरिकों एवं युवाओं को जीवन में नशा नहीं करने तथा दूसरों को भी नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करने का संकल्प दिलाया गया। साथ ही आसपास के नागरिकों को प्लास्टिक का उपयोग नहीं करने तथा स्वच्छता बनाए रखने के लिए समझाइश दी गई।
इस अवसर पर नर्मदा तट की स्वच्छता के साथ स्वच्छता की शपथ भी दिलाई गई। जनभागीदारी से आयोजित इस अभियान में नागरिकों का सराहनीय सहयोग रहा।
कार्यक्रम में उपाध्यक्ष श्री सचिन शर्मा, पार्षद श्री स्वप्निल गुप्ता, एल्डरमैन श्री जितेंद्र साकले, स्वच्छता मित्र एवं नगर परिषद के अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।
नगर परिषद द्वारा नागरिकों से अपील की गई कि वे अपने आसपास के जलस्रोतों एवं सार्वजनिक स्थानों को स्वच्छ रखने में सक्रिय भागीदारी निभाएं और ‘‘सेवा मेरा योगदान’’ अभियान को जनभागीदारी के माध्यम से सफल बनाएं।
#JansamparkMP #khargone #सेवा_संकल्प_अभियान