आउटसोर्सिंग के खिलाफ एनआरएमयू शाहजहांपुर शाखा का जोरदार प्रदर्शन, 8 अक्टूबर के सम्मेलन में शामिल होने का आह्वान
शाहजहांपुर। ऑल इंडिया रेलवे मैन्स फेडरेशन (AIRF) के महामंत्री शिव गोपाल मिश्रा के आह्वान पर भारतीय रेल में आउटसोर्सिंग और निजीकरण के खिलाफ राष्ट्रव्यापी प्रदर्शन के तहत एनआरएमयू शाहजहांपुर शाखा द्वारा जोरदार प्रदर्शन किया गया। प्रदर्शन का नेतृत्व सहायक मंडलमंत्री नरेंद्र कुमार त्यागी ने किया।
नरेंद्र कुमार त्यागी ने कहा कि भारतीय रेल केवल नौकरी नहीं, बल्कि देश की जीवनरेखा और लाखों परिवारों की उम्मीदों का आधार है। रेलवे में बढ़ती आउटसोर्सिंग और निजीकरण का असर केवल वर्तमान कर्मचारियों तक सीमित नहीं रहेगा, बल्कि यात्रियों की सुरक्षा, रेल की संरक्षा और युवाओं के स्थायी रोजगार के अवसर भी प्रभावित होंगे। उन्होंने सरकार से रेलवे के रिक्त पदों को भरकर युवाओं को स्थायी रोजगार देने की मांग की।
उन्होंने बताया कि आउटसोर्सिंग और निजीकरण के खिलाफ संघर्ष को मजबूती देने के लिए AIRF के महामंत्री कॉमरेड शिव गोपाल मिश्रा के नेतृत्व में 8 अक्टूबर को करनैल सिंह स्टेडियम, नई दिल्ली में महत्वपूर्ण सम्मेलन आयोजित किया जा रहा है। इसमें बड़ी संख्या में रेल कर्मचारी शामिल होंगे। शाहजहांपुर से भी अधिक से अधिक कर्मचारियों के सम्मेलन में पहुंचने का आह्वान किया गया।
शाखा सचिव शिव कुमार सक्सेना ने कहा कि युवा साथियों को अपने भविष्य के प्रति जागरूक होकर अपनी आवाज बुलंद करनी होगी। उन्होंने कहा कि यदि आज रेलवे में स्थायी रोजगार के मुद्दे पर आवाज नहीं उठाई गई तो आने वाली पीढ़ी के लिए रोजगार के अवसर लगातार सीमित हो सकते हैं।
सहायक सचिव यतेंद्र त्रिवेदी ने कहा कि आज यह सवाल उठाना जरूरी है कि जिस रेलवे में कर्मचारी सम्मान के साथ काम कर रहे हैं, उसमें आने वाली पीढ़ी के लिए कितने अवसर बचेंगे। वहीं सहायक सचिव जितेंद्र कुमार ने कहा कि यह लड़ाई केवल वर्तमान कर्मचारियों की नहीं, बल्कि युवाओं के भविष्य, स्थायी रोजगार और भारतीय रेल के भविष्य की भी लड़ाई है।
प्रदर्शन के दौरान चंदा, दिनकर, अनुराग, आशीष, इंतजार, राजकुमार, रवि बाजपेयी, अश्वनी, संजीव, भगवानदास, धनंजय, जितेंद्र, वीरपाल, शिवकुमार, कौशल, रोहित, सलीम, शहजादे, प्रभात सहित अन्य कर्मचारी मौजूद रहे।
आपका अपना शहर Aapka Apna Shahar