अजमेर पुलिस के सेवानिवृत्त कर्मचारियों और दिव्यांग परिजनों को बांटे सहायक उपकरण, 85 लाभार्थियों को मिला लाभ
अजमेर। महावीर विकलांग सेवा समिति की ओर से बुधवार को पुलिस लाइन अजमेर में पुलिस विभाग के सेवानिवृत्त कर्मचारियों एवं उनके परिजनों को सहायक उपकरण वितरित करने के लिए कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में जिला पुलिस अधीक्षक हर्षवर्धन अग्रवाला सहित पुलिस विभाग के अधिकारी और समिति के पदाधिकारी मौजूद रहे।
कार्यक्रम के दौरान करीब 85 लाभार्थियों को उनकी जरूरत के अनुसार विभिन्न सहायक उपकरण वितरित किए गए। इनमें 4 व्हीलचेयर, 46 श्रवण यंत्र, 27 सीनियर सिटिंग छड़ियां और 1 वॉकर शामिल हैं। इन उपकरणों से लाभार्थियों को दैनिक गतिविधियों में सुविधा मिलेगी और उनकी आत्मनिर्भरता बढ़ाने में मदद मिलेगी।
इस अवसर पर जिला पुलिस अधीक्षक हर्षवर्धन अग्रवाला (आईपीएस), अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण) डॉ. लालचंद कायल, महावीर विकलांग सेवा समिति के संभागीय सचिव सुरेश मेहरा तथा राजस्थान पुलिस परिवार कल्याण समिति के विक्रम सिंह सहित अन्य गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।
एसपी हर्षवर्धन अग्रवाला ने महावीर विकलांग सेवा समिति के इस सामाजिक एवं जनकल्याणकारी प्रयास की सराहना की। उन्होंने कहा कि जरूरतमंदों की सहायता करना और सेवानिवृत्त पुलिसकर्मियों एवं उनके परिवारों के कल्याण के लिए किए जाने वाले प्रयास महत्वपूर्ण हैं। अजमेर पुलिस सामाजिक सरोकारों और जनकल्याणकारी गतिविधियों को प्रोत्साहित करने के लिए सदैव प्रतिबद्ध है।
Ajmer Police Rajasthan Rajasthan Police
Ajmer, Ajmer | Oct 14, 2026