• पैकेज्ड वस्तुओं की जांच में मिली अनियमितताएं, 5,500 रुपये का चालान
• विधिक माप विज्ञान विभाग की विशेष जांच, तीन प्रतिष्ठानों पर पैकेज्ड वस्तुओं और पैकिंग लाइसेंस की जांच
#hanumangarh हनुमानगढ़, 5 अक्टूबर। उपभोक्ता मामले विभाग के निर्देशों की पालना में विधिक माप विज्ञान इकाई द्वारा पैकेज्ड वस्तुओं की जांच के लिए विशेष निरीक्षण अभियान चलाया जा रहा है। अभियान के तहत विधिक माप अधिकारी श्री विजय मीना के नेतृत्व में हनुमानगढ़ जंक्शन स्थित विभिन्न प्रतिष्ठानों एवं फर्मों का निरीक्षण किया गया। अभियान के दौरान हनुमानगढ़ जंक्शन स्थित रिलायंस स्मार्ट मार्ट, पिली चक्की एवं डेली सेवा सहित कुल तीन फर्मों की जांच की गई। निरीक्षण के दौरान पैकेज्ड वस्तुओं पर अंकित अनिवार्य घोषणाओं, नेट कंटेंट तथा संबंधित फर्मों के पैकिंग लाइसेंस की जांच की गई। जांच के दौरान डेली सेवा पर कांटे का सत्यापन प्रमाण-पत्र प्रदर्शित नहीं पाया गया, जबकि पीली चक्की के पास पैकेजिंग लाइसेंस उपलब्ध नहीं मिला। इन अनियमितताओं के संबंध में संबंधित फर्मों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई करते हुए कुल 5,500 रुपये का चालान किया गया। विधिक माप अधिकारी श्री विजय मीना ने प्रतिष्ठान संचालकों को विधिक माप विज्ञान संबंधी नियमों की पालना सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि उपभोक्ताओं को पैकेज्ड वस्तुएं निर्धारित मात्रा एवं सही जानकारी के साथ उपलब्ध कराई जाएं तथा आवश्यक घोषणाएं एवं प्रमाण-पत्र नियमानुसार प्रदर्शित किए जाएं। विधिक माप विज्ञान विभाग की ओर से उपभोक्ता हितों की सुरक्षा के लिए पैकेज्ड वस्तुओं की जांच एवं निरीक्षण की कार्रवाई निरंतर जारी रखी जाएगी।
_____