Public App Logo
श्री दिगंबर जैन मंदिर सीमेंट फैक्ट्री में चोरी की वारदात, चोर सीसीटीवी कैमरे में कैद। सवाई माधोपुर के सीमेंट फैक्ट्री क्षेत्र स्थित श्री दिगंबर जैन मंदिर में मध्यरात्रि करीब 2:30 बजे तीन-चार नकाबपोश चोरों ने चोरी की वारदात को अंजाम दिया। चोरों ने मंदिर परिसर में मौजूद चौकीदार पति-पत्नी को कमरे के अंदर बंद कर दिया और मंदिर का दानपात्र सहित अन्य सामान चोरी कर ले गए। चोरी की पूरी वारदात मंदिर में लगे सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गई है। बताया जा रहा है कि मंदिर के दानपात्र में करीब एक से डेढ़ लाख रुपए होने का अनुमान है। दानपात्र को अगले महीने खोला जाना था, लेकिन उससे पहले ही चोरों ने उसे निशाना बना लिया। जैन मंदिर में चोरी की घटना के बाद जैन समाज में भारी आक्रोश है। समाज के लोगों ने वारदात में शामिल आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी और चोरी हुए सामान एवं दानराशि की बरामदगी की मांग की है। जैन समाज के अध्यक्ष नीलकमल जैन ने घटना की जानकारी देते हुए बताया कि सीसीटीवी फुटेज के आधार पर पुलिस द्वारा मामले की जांच की जा रही है। - Sawai Madhopur News