15 साल के बेटे के लिए न्याय मांग रहा परिवार: मां और 80 साल की नानी आमरण भूख हड़ताल पर बैठीं : जालोर के भैंसवाड़ा निवासी 15 वर्षीय अमृत देवासी ह#त्याकांड में निष्पक्ष जांच और आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग को लेकर परिवार व देवासी समाज ने कलेक्ट्रेट के सामने धरना शुरू किया। धरने के पहले दिन मृतक की 50 वर्षीय मां रती देवी और 80 वर्षीय नानी मेथी देवी आमरण भूख हड़ताल पर बैठ गईं। परिजनों के अनुसार 27 जून 2023 को बारात में गए अमृत के शाम करीब 7 बजे लापता होने के बाद अगले दिन उसका शव तालाब में मिला था। करीब तीन साल बाद भी मामले का खुलासा नहीं होने से परिवार में आक्रोश है। परिजनों ने बताया कि इससे पहले तीन बार धरना देने पर पुलिस ने जल्द खुलासे का आश्वासन दिया था, लेकिन कार्रवाई नहीं हुई। मां ने पुलिस पर संदिग्धों को पकड़ने के बावजूद आरोपी नहीं बनाने और मिलीभगत का आरोप लगाते हुए निष्पक्ष जांच की मांग की। परिवार ने कलेक्टर डॉ. प्रदीप के. गवांडे को केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के नाम ज्ञापन सौंपकर जल्द आरोपियों की गि#रफ्तारी की मांग की। परिजनों ने कहा कि ह#त्याकांड का खुलासा होने तक धरना और भूख हड़ताल जारी रहेगी।
Jalor, Jalor | Oct 6, 2026