अंतर्राष्ट्रीय वृद्धजन दिवस के अवसर पर गुरुवार को समाहरणालय सभागार, बांका में जिला पदाधिकारी, बांका श्री अंशुल अग्रवाल की अध्यक्षता में अंतर-पीढ़ीगत बंधन को बढ़ावा देने के उद्देश्य से कार्यक्रम का आयोजन किया गया।
प्रत्येक वर्ष की भांति इस वर्ष भी 01 अक्टूबर को अंतर्राष्ट्रीय वृद्धजन दिवस के रूप में मनाया गया। सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता विभाग, भारत सरकार के राष्ट्रव्यापी अभियान के तहत आयोजित इस कार्यक्रम का उद्देश्य वरिष्ठ नागरिकों के प्रति सम्मान की भावना विकसित करना, उनके अधिकारों एवं कल्याण के प्रति जागरूकता बढ़ाना तथा उनके सामाजिक योगदान को सम्मान देना है। इस अवसर पर सक्रिय एवं स्वस्थ वृद्धावस्था को प्रोत्साहित करने और विभिन्न पीढ़ियों के बीच आपसी जुड़ाव एवं सहयोग को मजबूत करने पर जोर दिया गया।
कार्यक्रम के दौरान वरिष्ठजनों के प्रति सम्मान बनाए रखने, उनकी उचित देखभाल करने तथा उनके साथ होने वाले किसी भी प्रकार के दुर्व्यवहार का विरोध करने की शपथ दिलाई गई। इसके साथ ही राष्ट्रीय नशा विरोधी शपथ ग्रहण कार्यक्रम के अंतर्गत नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूकता बढ़ाने और नशामुक्त समाज के निर्माण में योगदान देने का संकल्प भी दिलाया गया।
इस अवसर पर जिला पदाधिकारी ने कहा कि वरिष्ठजन हमारे समाज की अमूल्य धरोहर हैं। उनके अनुभव, ज्ञान और जीवन मूल्यों से नई पीढ़ी को मार्गदर्शन मिलता है। वरिष्ठजनों का सम्मान करना, उनकी आवश्यकताओं का ध्यान रखना तथा उन्हें सुरक्षित और सम्मानजनक वातावरण उपलब्ध कराना हम सभी की सामाजिक एवं नैतिक जिम्मेदारी है। उन्होंने अंतर-पीढ़ीगत संवाद एवं आपसी सहयोग को बढ़ावा देने पर बल देते हुए कहा कि परिवार और समाज में वरिष्ठजनों की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित की जानी चाहिए।
कार्यक्रम के माध्यम से वरिष्ठ नागरिकों के अधिकारों, सम्मान, सुरक्षा एवं कल्याण के प्रति जागरूकता बढ़ाने तथा समाज में सकारात्मक और संवेदनशील दृष्टिकोण विकसित करने का संदेश दिया गया।
Banka, Bihar | Oct 1, 2026