#भरतपुर। नदबई में बघेल, धनगर एवं गाडरी समाज के तत्वावधान में डहरा रोड स्थित पुराने बस स्टैंड पर लोकमाता देवी अहिल्याबाई होलकर की स्मृति में बोर्ड पट्टिका का अनावरण कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि डॉ. यदुवीर सिंह बघेल रहे, जबकि विशिष्ट अतिथि के रूप में जय सिंह बघेल (कामा) और धनगर समाज के प्रदेश महामंत्री नारायण सिंह बघेल मौजूद रहे। समारोह को संबोधित करते हुए मुख्य अतिथि डॉ. यदुवीर सिंह बघेल ने देवी अहिल्याबाई के जीवन और सामाजिक योगदान को याद किया। उन्होंने बताया कि शिवभक्त अहिल्याबाई ने जनसेवा और लोककल्याण के लिए देशभर में 12,672 मंदिरों के साथ-साथ अनेक कुओं, बावड़ियों, तालाबों और घाटों का निर्माण करवाया। वक्ताओं ने उनकी 300वीं जयंती पर देशभर में हुए आयोजनों का जिक्र करते हुए नई पीढ़ी को उनके आदर्शों को अपनाने की प्रेरणा दी। कार्यक्रम का संयोजन गोपाल बाबूजी ने किया। इस अवसर पर मातृशक्ति की गरिमामय उपस्थिति के साथ रणवीर सिंह सरपंच, बीरबल बघेल, राजवीर बघेल, राम खिलाड़ी वकील, हेतराम नसवारिया, नाहर सिंह, देवेंद्र आगरा और उत्तम धनगर सहित समाज के कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे।