मांधना स्कूल जाने वाले बच्चों को ढाई से तीन किमी पैदल चलने की मजबूरी, बस की समय-सारणी सुधारने की मांग
गलत समय पर बस आने से बढ़ी परेशानी, जंगल के रास्ते से पैदल गुजरने पर जंगली जानवरों का खतरा
मांधना। मांधना स्कूल आने-जाने वाले विद्यार्थियों को हरियाणा रोडवेज की बस की गलत समय-सारणी और अनियमित संचालन के कारण परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। बस समय पर उपलब्ध नहीं होने के चलते बच्चों को करीब ढाई से तीन किलोमीटर पैदल चलकर स्कूल पहुंचना पड़ रहा है।
अभिभावकों का कहना है कि बच्चों को जंगल के रास्ते से पैदल गुजरना पड़ता है। ऐसे में जंगली जानवरों के हमले का खतरा भी बना रहता है। खासकर छोटे बच्चों की सुरक्षा को लेकर अभिभावक चिंतित हैं।
अभिभावकों ने हरियाणा रोडवेज विभाग से मांग की है कि मांधना स्कूल आने वाले विद्यार्थियों की सुविधा के अनुसार बस की समय-सारणी निर्धारित की जाए और बस सेवा को नियमित किया जाए, ताकि बच्चों को रोजाना कई किलोमीटर पैदल चलने की मजबूरी से राहत मिल सके।
अभिभावकों ने कहा कि बच्चों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए रोडवेज विभाग को इस समस्या का जल्द समाधान करना चाहिए।