मुरैना: सीतापुर की सात्विक एग्रो फैक्ट्री बंद करने का आदेश जारी, प्रदूषण की शिकायतों के बाद कार्रवाई
सांक नदी में दूषित पानी छोड़ने और क्षेत्र में दुर्गंध फैलने की शिकायतें उठाते रहे कांग्रेस नेता रामचित्र सिंह महाना, शाम 5 बजे से फैक्ट्री बंद होने का दावा
मुरैना। जिले के सीतापुर औद्योगिक क्षेत्र स्थित सात्विक एग्रो फैक्ट्री को बंद करने का आदेश जारी होने की जानकारी सामने आई है। कांग्रेस नेता रामचित्र सिंह महाना के अनुसार, मध्य प्रदेश प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड, भोपाल की ओर से उन्हें व्हाट्सएप पर पत्र भेजकर बताया गया है कि फैक्ट्री मंगलवार शाम 5 बजे से बंद हो जाएगी।
रामचित्र सिंह महाना लंबे समय से सात्विक एग्रो फैक्ट्री से जुड़े प्रदूषण के मुद्दे को उठाते हुए कलेक्टर कार्यालय और प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड में शिकायतें कर रहे थे। उनका आरोप था कि फैक्ट्री से निकलने वाले दूषित पानी के कारण आसपास के क्षेत्र में गंदगी और दुर्गंध फैल रही थी। साथ ही क्षेत्र की प्रमुख नदी सांक के भी प्रदूषित होने की शिकायत की जा रही थी।
दिग्विजय सिंह और जीतू पटवारी ने भी उठाया था मुद्दा
महाना के मुताबिक, इस मामले में पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह ने भी कलेक्टर मुरैना को पत्र लिखकर शिकायतों पर ध्यान देने की बात कही थी। वहीं, कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष जीतू पटवारी ने भी कलेक्टर मुरैना से फोन पर चर्चा कर मामले को उठाया था।
महाना ने क्षेत्रवासियों का जताया आभार
फैक्ट्री बंद किए जाने की जानकारी मिलने के बाद रामचित्र सिंह महाना ने इस प्रयास में सहयोग देने वाले क्षेत्रवासियों का आभार जताया। उन्होंने कहा कि प्रदूषण के मुद्दे पर स्थानीय लोगों के सहयोग और योगदान से आवाज उठाने में मजबूती मिली। महाना ने पूरे क्षेत्र के लोगों को धन्यवाद दिया।
#मुरैना #morena #नूराबाद