12 अक्टूबर को जे.पी. नड्डा रखेंगे ICMR परियोजना की आधारशिला, लाहौल-स्पीति में स्वास्थ्य सुविधाओं को मिलेगी नई दिशा
लाहौल-स्पीति। पूर्व विधायक एवं भाजपा प्रदेश कार्यसमिति सदस्य रवि ठाकुर ने कहा कि लाहौल-स्पीति की जनता भली-भांति जानती है कि भारतीय जनता पार्टी क्षेत्र से जुड़े महत्वपूर्ण मुद्दों को लगातार केंद्र सरकार के समक्ष उठाती रही है और उनके समाधान के लिए प्रयास किए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार के स्तर पर केंद्रीय मंत्री किरेन रिजिजू के प्रयासों से क्षेत्र के विकास के लिए बजट में महत्वपूर्ण वृद्धि हुई है, जिसका लाभ लाहौल-स्पीति में विभिन्न विकास कार्यों के रूप में देखने को मिल रहा है।
रवि ठाकुर ने कहा कि इसी क्रम में वर्ष 2015 से प्रस्तावित ICMR परियोजना के लिए भूमि भी चिन्हित कर ली गई है। उन्होंने बताया कि इस महत्वपूर्ण परियोजना की आधारशिला रखने के लिए केंद्रीय मंत्री श्री जे.पी. नड्डा का लाहौल-स्पीति दौरा 12 अक्टूबर को निर्धारित हुआ है। इससे पहले खराब मौसम के कारण उनका प्रस्तावित दौरा स्थगित हो गया था। अब 12 अक्टूबर को परियोजना की आधारशिला रखे जाने से क्षेत्रवासियों में स्वास्थ्य सुविधाओं के विस्तार को लेकर उम्मीद जगी है।
उन्होंने कहा कि ICMR परियोजना के धरातल पर आने से लाहौल-स्पीति में स्वास्थ्य सुविधाओं को नई दिशा मिलेगी। इस परियोजना का लाभ केवल स्थानीय जनता को ही नहीं, बल्कि पांगी-भरमौर क्षेत्र से आने वाले लोगों तथा सीमावर्ती क्षेत्रों में तैनात सेना के जवानों और अधिकारियों को भी मिलने की उम्मीद है। दुर्गम एवं सीमावर्ती भौगोलिक परिस्थितियों वाले लाहौल-स्पीति में बेहतर स्वास्थ्य सुविधाओं के विकास की दृष्टि से इस परियोजना को महत्वपूर्ण माना जा रहा है।
रवि ठाकुर ने कहा कि यह परियोजना लाहौल-स्पीति के लिए स्वास्थ्य क्षेत्र में एक महत्वपूर्ण उपलब्धि साबित होगी और इसके माध्यम से क्षेत्र में बेहतर चिकित्सा सुविधाओं के विकास का मार्ग प्रशस्त होगा। उन्होंने कहा कि परियोजना के आगे बढ़ने से स्थानीय स्तर पर स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूती मिलने के साथ-साथ लोगों को बेहतर चिकित्सा सुविधाओं के लिए दूरदराज के क्षेत्रों पर निर्भरता कम करने में भी मदद मिल सकती है।
उन्होंने भारतीय जनता पार्टी के सभी कार्यकर्ताओं एवं क्षेत्रवासियों से आह्वान किया कि 12 अक्टूबर को अधिक से अधिक संख्या में कार्यक्रम में पहुंचकर इस महत्वपूर्ण अवसर के साक्षी बनें और कार्यक्रम को सफल बनाएं।