आज दिनांक 18.08.2026 को समाहरणालय, रोहतास के डीआरडीए रोहतास सभागार में जिला पदाधिकारी, रोहतास श्री दीपक कुमार मिश्रा की अध्यक्षता में जिला स्तरीय समीक्षा समिति, जिला सलाहकार समिति एवं विशेष जिला स्तरीय परामर्शदात्री समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक में विभिन्न बैंकों के जिला समन्वयक, सरकारी विभागों के पदाधिकारी, भारतीय रिजर्व बैंक के प्रतिनिधि, नाबार्ड, जीविका, कृषि, पशुपालन, उद्योग एवं अन्य विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे। बैठक का संचालन एसडीसी (बैंकिंग) श्री मनीष कुमार द्वारा किया गया। बैठक के दौरान राष्ट्रीय वित्तीय समावेशन रणनीति के तहत जिले में बैंकिंग सेवाओं के विस्तार, बैंक शाखाओं एवं Business Correspondent आउटलेट्स की उपलब्धता, वार्षिक ऋण योजना की प्रगति, किसान क्रेडिट कार्ड, पीएमएफएमई, स्वरोजगार योजनाओं, वित्तीय साक्षरता एवं सरकारी प्रायोजित योजनाओं की समीक्षा की गई।
जिला पदाधिकारी ने निर्देश दिया कि जिले के सभी बैंक वित्तीय समावेशन को और अधिक प्रभावी बनाते हुए पात्र लाभुकों तक बैंकिंग एवं ऋण सुविधाओं की पहुंच सुनिश्चित करें। उन्होंने कृषि, एमएसएमई एवं अन्य प्राथमिकता प्राप्त क्षेत्रों में ऋण वितरण में तेजी लाने तथा लंबित मामलों का समयबद्ध निष्पादन करने का निर्देश दिया।
बैठक में ग्रामीण स्वरोजगार प्रशिक्षण संस्थान रोहतास की गतिविधियों की भी समीक्षा की गई। बताया गया कि वित्तीय वर्ष 2026-27 में संस्थान को 33 प्रशिक्षण कार्यक्रमों के माध्यम से 1000 बेरोजगार युवाओं को प्रशिक्षित करने का लक्ष्य प्राप्त हुआ है, जिसके विरुद्ध अब तक 286 युवाओं को प्रशिक्षण प्रदान किया जा चुका है।
जिला पदाधिकारी ने प्रशिक्षण प्राप्त युवाओं के स्वरोजगार एवं बैंक ऋण से जोड़ने हेतु सभी बैंकों को सक्रिय सहयोग देने का निर्देश दिया। बैठक में किसानों की आय वृद्धि, कृषि आधुनिकीकरण, किसान क्रेडिट कार्ड की प्रगति, डिजिटल बैंकिंग सेवाओं के विस्तार तथा वित्तीय साक्षरता कार्यक्रमों को और प्रभावी बनाने पर विशेष बल दिया गया। बैंकों को निर्देश दिया गया कि वे सरकार की प्राथमिकता वाली योजनाओं में लक्ष्य के अनुरूप उपलब्धि सुनिश्चित करें तथा लाभार्थियों को समय पर ऋण एवं बैंकिंग सेवाएं उपलब्ध कराएं।
बैठक के दौरान बैंक शाखाओं की सुरक्षा व्यवस्था की भी समीक्षा की गई। जिला पदाधिकारी ने निर्देश दिया कि सभी बैंक शाखाओं में सीसीटीवी कैमरे एवं अलार्म सिस्टम पूर्णतः कार्यशील अवस्था में रहें तथा जिन शाखाओं में आवश्यक सुरक्षा उपकरण उपलब्ध नहीं हैं, वहां अविलंब व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। सुरक्षा उपकरणों की नियमित जांच एवं रखरखाव के भी निर्देश दिए गए।
बैठक में यह भी संज्ञान में आया कि कुछ विभागीय पदाधिकारी एवं बैंक प्रतिनिधि बिना पूर्व सूचना के बैठक में अनुपस्थित रहे। जिला पदाधिकारी ने कड़ा रुख अपनाते हुए निर्देश दिया कि अनुपस्थित अधिकारियों एवं बैंक प्रतिनिधियों को कारण बताओ नोटिस जारी किया जाए तथा उनसे निर्धारित समय सीमा के भीतर स्पष्टीकरण प्राप्त किया जाए। भविष्य में बिना वैध कारण के अनुपस्थित रहने पर संबंधित के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की
जाएगी।
जिला पदाधिकारी ने कहा कि जिले के समग्र विकास में बैंकों की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है। सभी बैंक एवं विभाग आपसी समन्वय स्थापित कर वित्तीय समावेशन, स्वरोजगार, कृषि विकास तथा जनकल्याणकारी योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन हेतु कार्य करें ताकि जिले के अंतिम व्यक्ति तक योजनाओं का लाभ पहुंच सके।
#IPRD
Information & Public Relations Department, Government of Bihar
Patna, Bihar | Aug 18, 2026