प्रधानमंत्री आवास योजना के लाभुकों को मिला स्वीकृति पत्र, पूर्ण आवासों की सौंपी गई प्रतीकात्मक चाबी
जहानाबाद। प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) के तहत गुरुवार को लाभुकों को स्वीकृति पत्र और पूर्ण हो चुके आवासों की प्रतीकात्मक चाबी सौंपी गई। पटना के बापू सभागार में आयोजित राज्य स्तरीय कार्यक्रम में केंद्रीय ग्रामीण विकास मंत्री शिवराज सिंह चौहान एवं मुख्यमंत्री की उपस्थिति रही। जहानाबाद से जिला पदाधिकारी छिरिङ वाई भूटिया, जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों और लाभुकों ने वीडियो कान्फ्रेंसिंग के माध्यम से कार्यक्रम में भाग लिया।
वित्तीय वर्ष 2024-25 एवं 2025-26 में जिले में प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) के तहत कुल 4344 आवास स्वीकृत किए गए हैं। जिला स्तरीय कार्यक्रम में नवस्वीकृत लाभुक दीपमनी देवी, संगीता देवी, मानो देवी और पनपती देवी को जिला पदाधिकारी एवं जनप्रतिनिधियों ने स्वीकृति पत्र प्रदान किया।
वहीं, योजना के तहत अब तक 2405 आवास पूर्ण कराए जा चुके हैं। पूर्ण आवास वाले लाभुकों मधु कुमारी, गौरी देवी, रानी देवी और सरिता भारती को गृह प्रवेश के अवसर पर नवनिर्मित आवास की प्रतीकात्मक चाबी दी गई।
लाभुकों को आवास निर्माण की गुणवत्ता बनाए रखने और कम लागत में मजबूत एवं सुरक्षित मकान बनाने की जानकारी दी गई। साथ ही योजना के साथ अन्य सरकारी योजनाओं के अभिसरण से मिलने वाले लाभ की भी जानकारी दी गई। इसमें 90 दिनों की अकुशल मजदूरी, शौचालय निर्माण के लिए सहायता, विद्युत कनेक्शन, स्वच्छ पेयजल, एलपीजी कनेक्शन एवं जीविका के माध्यम से आर्थिक सशक्तीकरण जैसी सुविधाएं शामिल हैं।
जिला पदाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को सभी पात्र लाभुकों को समय से योजना का लाभ देने तथा स्वीकृत आवासों का गुणवत्तापूर्ण निर्माण निर्धारित अवधि में पूरा कराने का निर्देश दिया। उन्होंने विभिन्न योजनाओं के अभिसरण से लाभुकों को अधिकतम लाभ दिलाने के लिए विभागों के बीच बेहतर समन्वय सुनिश्चित करने को कहा।
कार्यक्रम में जिला स्तरीय पदाधिकारी, जिला कार्यक्रम कार्यान्वयन समिति एवं नागरिक सुरक्षा परिषद के उपाध्यक्षगण, डीआरडीए के निदेशक, योजना के लाभुक एवं संबंधित कर्मी उपस्थित थे।