शिमला: कार से बैटरी, स्टीयरिंग कवर और पेट्रोल चोरी
शिमला। राजधानी शिमला में वाहन चोरी की वारदातों के बीच एक व्यक्ति की कार से बैटरी, स्टीयरिंग कवर, पेट्रोल समेत अन्य सामान चोरी होने का मामला सामने आया है। शिकायत मिलने के बाद बालूगंज पुलिस ने जांच शुरू कर दी है।
कुलदीप शर्मा ने थाना बालूगंज पहुंचकर शिकायत दी कि उनकी पत्नी के नाम पर पंजीकृत कार एचपी52ए-3852 सिविल होटल-खादी बोर्ड के समीप खड़ी थी। बीती रात अज्ञात लोगों ने कार को निशाना बनाते हुए उसकी बैटरी, स्टीयरिंग कवर, पेट्रोल सहित अन्य सामान चोरी कर लिया। वाहन को भी नुकसान पहुंचाया गया है।
शिकायतकर्ता ने पुलिस को बताया कि इसी क्षेत्र में पहले भी वाहनों से सामान चोरी होने की घटनाएं सामने आ चुकी हैं। उन्होंने आशंका जताई कि वारदात के पीछे कबाड़ इकट्ठा करने वाले लोग हो सकते हैं। शिकायत में यह भी बताया गया कि कार के समीप कबाड़ इकट्ठा करने वाले दो व्यक्ति मिले हैं, जिससे संदेह और गहरा गया है।
पुलिस ने शिकायत दर्ज करने के बाद मामले की सूचना आसपास के थानों को टैंगो-1 के माध्यम से दी है। संदिग्ध कबाड़ बीनने वालों की पहचान और धरपकड़ के लिए प्रयास किए जा रहे हैं। साथ ही क्षेत्र में गश्त बढ़ाने और कबाड़ इकट्ठा करने वाले व्यक्तियों पर निगरानी रखने के निर्देश दिए गए हैं।
पुलिस का कहना है कि चोरी हुए सामान की तलाश और संदिग्धों की पहचान के लिए जांच जारी है। मामले में दोषियों के सामने आने के बाद उनके खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।