गांधी जयंती पर माई भारत ने आयोजित किए स्वच्छता श्रमदान, ग्रामसभा, योग एवं पौधारोपण कार्यक्रम
--
सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत राष्ट्रपिता महात्मा गांधी एवं पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री की जयंती के अवसर पर माई भारत निवाड़ी द्वारा जिले में विभिन्न जनजागरूकता एवं जनभागीदारी गतिविधियों का आयोजन किया गया। जिला युवा अधिकारी श्री अनुराग शुक्ला के निर्देशन एवं मार्गदर्शन में जेरोन खालसा और ग्राम पंचायत जवारपुरा में स्वच्छता श्रमदान, ग्रामसभा, योग, पौधारोपण एवं जनजागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए गए।
जेरोन खालसा में स्वच्छता श्रमदान एवं योग शिविर
शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय जेरोन खालसा में नगर परिषद जेरोन खालसा के सहयोग से स्वच्छता श्रमदान, पौधारोपण एवं योग शिविर आयोजित किया गया। जनप्रतिनिधियों, शिक्षकों, चिकित्सकों, स्वच्छता मित्रों, नगर परिषद कर्मचारियों एवं नागरिकों ने विद्यालय परिसर में श्रमदान कर स्वच्छता का संदेश दिया। उपस्थितजनों को स्वच्छता की शपथ दिलाते हुए पॉलिथीन के स्थान पर कपड़े के थैलों के उपयोग की अपील की गई। महात्मा गांधी एवं लाल बहादुर शास्त्री के चित्र पर माल्यार्पण कर उनके योगदान का स्मरण किया गया।
कार्यक्रम के बाद आयुर्वेद चिकित्सक डॉ. अरविंद साहू एवं श्री दिवाकर पांडेय द्वारा योग शिविर आयोजित कर योग एवं आयुर्वेद के महत्व और स्वास्थ्य लाभों की जानकारी दी गई। विद्यालय परिसर में पौधारोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश भी दिया गया।
जवारपुरा में ग्रामसभा के साथ स्वच्छता श्रमदान
जनपद पंचायत पृथ्वीपुर की ग्राम पंचायत जवारपुरा में ग्रामसभा, स्वच्छता अभियान एवं श्रमदान कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम की शुरुआत महात्मा गांधी के चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित कर की गई। ग्रामसभा में पंचायत सचिव द्वारा एजेंडा बिंदुवार प्रस्तुत किया गया तथा ग्रामीणों को स्वच्छता की शपथ दिलाई गई। इसके बाद सरपंच, उपसरपंच, पंचायत प्रतिनिधियों, माई भारत स्वयंसेवक एवं ग्रामीणों ने पंचायत भवन के समीप स्वच्छता श्रमदान किया।
माई भारत स्वयंसेवक श्री शशांक रावत ने ग्रामीणों को ग्राम स्वराज, पंचायत की विकास योजनाओं, बजट एवं आय-व्यय की समीक्षा, पात्र हितग्राहियों के चयन तथा पंचायत कार्यों में पारदर्शिता एवं जवाबदेही के महत्व की जानकारी दी। साथ ही प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि, प्रधानमंत्री कौशल विकास योजना, अटल भूजल योजना एवं वीवीजी-राम-जी योजना सहित विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी ग्रामीणों को दी गई।
कार्यक्रमों में जनप्रतिनिधियों, अधिकारी-कर्मचारियों, शिक्षकों, माई भारत के स्वयंसेवकों सहित बड़ी संख्या में नागरिकों एवं ग्रामीणों ने सहभागिता की। इन गतिविधियों के माध्यम से स्वच्छता, पर्यावरण संरक्षण, स्वस्थ जीवनशैली, जनभागीदारी एवं ग्राम विकास के प्रति जागरूकता का संदेश दिया गया।
#2october #MahatmaGandhiJayanti #सुशासन
#स्वच्छभारत #पौधारोपण #सेवा_संकल्प_अभियान #SevaSankalpAbhiyan #jansamparkMP #niwari