उत्तर प्रदेश के मऊ में मिशन शक्ति अभियान के तहत कस्तूरबा गांधी आवासीय बालिका विद्यालय, कोपागंज की कक्षा 10 की छात्रा अंशिका को एक दिन के लिए जिलाधिकारी बनाया गया। इस दौरान अंशिका ने जिलाधिकारी की कुर्सी पर बैठकर जनसुनवाई की और फरियादियों की समस्याओं को गंभीरता से सुना। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को नियमानुसार शिकायतों के निस्तारण के लिए आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए। जिलाधिकारी आनंद वर्धन ने अंशिका का पुष्पगुच्छ देकर स्वागत किया और उन्हें प्रशासनिक कार्यप्रणाली तथा जनसमस्याओं के समाधान की प्रक्रिया से अवगत कराया। शारदीय नवरात्र के अवसर पर आयोजित इस पहल का उद्देश्य बालिकाओं में नेतृत्व क्षमता, आत्मविश्वास और प्रशासनिक व्यवस्था के प्रति जागरूकता बढ़ाना है। मिशन शक्ति के माध्यम से बालिकाओं को आगे बढ़ने और अपनी क्षमताओं को पहचानने के लिए प्रोत्साहित किया जा रहा है।