🚨 द्वारीखाल बीडीसी बैठक में 107 समस्याएं उठीं, अधिकांश का मौके पर समाधान
पौड़ी गढ़वाल के विकासखंड द्वारीखाल में ब्लॉक प्रमुख बीना राणा की अध्यक्षता में क्षेत्र पंचायत (बीडीसी) की बैठक आयोजित हुई। बैठक में क्षेत्र पंचायत सदस्यों और जनप्रतिनिधियों ने अपने-अपने क्षेत्रों की विभिन्न समस्याएं अधिकारियों के सामने रखीं। कुल 107 शिकायतें एवं समस्याएं दर्ज की गईं, जिनमें से अधिकांश का संबंधित विभागों ने मौके पर ही निस्तारण किया।
बैठक में मुख्य रूप से सड़क, पेयजल, शिक्षा, विद्युत और कृषि से जुड़ी समस्याएं उठीं। ब्लॉक प्रमुख बीना राणा ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि जनप्रतिनिधियों द्वारा उठाई गई समस्याओं को प्राथमिकता के आधार पर गंभीरता से लिया जाए और उनका समयबद्ध समाधान सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने विकास कार्यों में गुणवत्ता और पारदर्शिता बनाए रखने पर भी जोर दिया।
बैठक के दौरान बीरेंद्र सिंह ने द्वारीखाल-बरसूड़ी मोटर मार्ग के चौड़ीकरण, सतीश सिंह ने आबाद खेतों में घेरबाड़, बीना देवी ने राजकीय प्राथमिक विद्यालय पाली के मरम्मतीकरण और अर्जुन सिंह ने द्वारीखाल-चेलूसैंण मोटर मार्ग पर गदेरे में पुल निर्माण का मुद्दा उठाया। वहीं अंकुश डबराल ने राशन कार्ड ऑनलाइन कराने से संबंधित समस्या सदन के सामने रखी।
इसके अलावा क्षेत्र के विभिन्न हिस्सों से सड़क, पेयजल, बिजली, शिक्षा और कृषि से संबंधित अन्य समस्याएं भी जनप्रतिनिधियों ने रखीं। संबंधित विभागीय अधिकारियों ने समस्याओं पर की जा रही कार्रवाई और उनके निस्तारण की जानकारी सदन को दी।
बैठक में कनिष्ठ उप प्रमुख कौशल्या देवी, जिला पंचायत सदस्य महेंद्र राणा, क्षेत्र पंचायत सदस्य पुष्पा देवी सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।