Public App Logo
Profile Picture

News Mafiya

@newsmafiya
138Followers
0Following
🚨देहरादून ब्रेकिंग: चंद्रमणि चौक के Hyundai शोरूम में भीषण आग, मचा हड़कंप

देहरादून के चंद्रमणि चौक स्थित BM Hyundai शोरूम में गुरुवार सुबह करीब 5:30 बजे अचानक भीषण आग लग गई। देखते ही देखते आग की लपटें तेज हो गईं और आसमान में धुएं का बड़ा गुबार दिखाई देने लगा।

आग की सूचना मिलते ही पुलिस और दमकल विभाग की टीमें मौके पर पहुंचीं और आग बुझाने का अभियान शुरू किया। फिलहाल आग लगने के कारणों और शोरूम में हुए नुकसान का आकलन किया जा रहा है।
🚨देहरादून में शराब की दुकानों पर देर रात छापेमारी, ओवररेटिंग समेत कई गड़बड़ियां मिलीं

देहरादून। शराब की दुकानों पर ओवररेटिंग और अनियमितताओं की शिकायतों को लेकर जिलाधिकारी डॉ. आशीष चौहान के निर्देश पर जिला प्रशासन ने देर रात बड़े स्तर पर छापेमारी अभियान चलाया। अलग-अलग मजिस्ट्रेट टीमों ने शहर के विभिन्न क्षेत्रों में शराब की दुकानों का औचक निरीक्षण किया।

जांच के दौरान ओवररेटिंग, स्टॉक रजिस्टर अपडेट न होना, अनधिकृत सेल्समैन, रेट लिस्ट और आबकारी विभाग का शिकायत नंबर प्रदर्शित न होने जैसी अनियमितताएं सामने आईं।

आईएसबीटी स्थित शराब की दुकान पर ओवररेटिंग की शिकायत सही पाई गई। जांच में दुकान पर रखी 42 शराब की बोतलों के बैच नंबर उपलब्ध रिकॉर्ड से मेल नहीं खाए। वहीं, अनधिकृत सेल्समैन भी पाए गए और निर्धारित रेट लिस्ट चस्पा नहीं थी।

प्रेमनगर क्षेत्र में जांच के दौरान स्टॉक रजिस्टर अपडेट नहीं मिला और अनधिकृत सेल्समैन पाए गए। वहीं, जाखन और राजपुर रोड क्षेत्र में कई दुकानों पर स्टॉक रजिस्टर और रेट लिस्ट से जुड़ी खामियां मिलीं। कुछ दुकानों पर ओवररेटिंग के मामले भी सामने आए।

जिलाधिकारी ने स्पष्ट किया कि निर्धारित मूल्य से अधिक कीमत पर शराब बिक्री, अनधिकृत व्यक्तियों से बिक्री और रिकॉर्ड में गड़बड़ी किसी भी स्थिति में स्वीकार नहीं की जाएगी। उन्होंने अधिकारियों को नियमित औचक निरीक्षण कर नियमों का उल्लंघन मिलने पर कार्रवाई के निर्देश दिए हैं। जिला प्रशासन ने कहा कि ओवररेटिंग और अनियमितताओं के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा।
🚨 तीर्थनगरी ऋषिकेश में बने जापान के 2 महामंडलेश्वर

ऋषिकेश के प्रसिद्ध वीरभद्र महादेव मंदिर में जापान से आए दो साधकों का वैदिक मंत्रोच्चार और विधि-विधान के साथ पट्टाभिषेक कर उन्हें महामंडलेश्वर बनाया गया। दोनों को ‘महादेवन’ और ‘कृष्णा’ नाम दिया गया।

भारतीय अखाड़ा परिषद के अध्यक्ष महंत डॉ. रविंद्र पुरी, महामंडलेश्वर आचार्य कैलाशानंद गिरी महाराज और महंत दर्शन भारती की मौजूदगी में यह धार्मिक अनुष्ठान संपन्न हुआ। इस दौरान जापान से आए दर्जनों साधक भी मौजूद रहे।

आचार्य कैलाशानंद गिरी महाराज ने कहा कि सनातन धर्म की पताका अब पूरी दुनिया में फहराई जाएगी और वैदिक मंत्रों की गूंज विश्वभर तक पहुंचेगी।

<nis:link nis:type=tag nis:id=rishikesh nis:value=Rishikesh nis:enabled=true nis:link/> <nis:link nis:type=tag nis:id=japan nis:value=Japan nis:enabled=true nis:link/> <nis:link nis:type=tag nis:id=mahmandaleshwar nis:value=Mahmandaleshwar nis:enabled=true nis:link/> <nis:link nis:type=tag nis:id=sanatandharma nis:value=SanatanDharma nis:enabled=true nis:link/> <nis:link nis:type=tag nis:id=uttarakhand nis:value=Uttarakhand nis:enabled=true nis:link/> <nis:link nis:type=tag nis:id=newsmafiya nis:value=newsmafiya nis:enabled=true nis:link/>
🚨 25 बिंदु कार्यक्रम की समीक्षा, मुख्य सचिव ने दिए सख्त निर्देश

देहरादून। मुख्य सचिव आनंद बर्द्धन ने बुधवार को सचिवालय में 25 बिंदु कार्यक्रम की समीक्षा बैठक की। उन्होंने अधिकारियों को योजनाओं की प्रगति के साथ-साथ यह भी आकलन करने के निर्देश दिए कि योजनाओं का जमीनी स्तर पर कितना असर हुआ और आमजन को कितना लाभ मिल रहा है।

मुख्य सचिव ने पिरूल कलेक्शन योजना की समीक्षा करते हुए लाभार्थियों को हुई मॉनेटाइजेशन, लाभ लेने वाले लोगों की संख्या और उनकी आय में हुए इजाफे का पूरा आंकड़ा तैयार करने को कहा। उन्होंने कहा कि किसी भी योजना की सफलता केवल काम पूरा होने से नहीं, बल्कि उससे लोगों को मिलने वाले वास्तविक लाभ से तय होनी चाहिए।

बैठक में डोर-टू-डोर कचरा कलेक्शन, कचरे के सेग्रिगेशन और निस्तारण की व्यवस्था को प्रभावी बनाने के निर्देश भी दिए गए। अधिकारियों से पूरी प्रक्रिया की नियमित निगरानी सुनिश्चित करने को कहा गया।

सभी STP की होगी रियल टाइम मॉनिटरिंग

मुख्य सचिव ने प्रदेश के सभी सीवेज ट्रीटमेंट प्लांट (STP) की क्षमता के अनुरूप उनका पूरा उपयोग सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने सभी STP की रियल टाइम मॉनिटरिंग के लिए केंद्रीकृत व्यवस्था तैयार करने को कहा, ताकि संचालन और निर्धारित मानकों की लगातार निगरानी हो सके।

बड़े कमर्शियल संस्थानों और ग्रुप हाउसिंग में स्वयं के STP की व्यवस्था को प्रभावी तरीके से लागू कराने के निर्देश उत्तराखंड प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड को दिए गए।

इसके अलावा अतिक्रमण हटाने के बाद दोबारा अतिक्रमण न हो, इसके लिए जिलास्तर पर नियमित निगरानी, जबकि पार्किंग से जुड़ी लंबित योजनाओं में तेजी लाने के निर्देश दिए गए।

मुख्य सचिव ने सभी जिलाधिकारियों को हर महीने 25 बिंदु कार्यक्रम की समीक्षा करने को कहा। उन्होंने अधिकारियों से सिर्फ आंकड़ों की समीक्षा के बजाय योजनाओं की जमीनी स्थिति, लाभार्थियों को मिल रहे फायदे और सामने आ रही समस्याओं पर भी ध्यान देने को कहा।
🚨बालावाला-नेहरूग्राम में आबकारी विभाग की छापेमारी, दो आरोपी गिरफ्तार

देहरादून। अवैध शराब की बिक्री और तस्करी के खिलाफ आबकारी विभाग का विशेष प्रवर्तन अभियान जारी है। इसी अभियान के तहत  आबकारी विभाग की टीम ने बालावाला और नेहरूग्राम क्षेत्र में छापेमारी कर दो आरोपियों को गिरफ्तार किया।

प्रभारी सहायक आबकारी आयुक्त श्रीमती प्रेरणा बिष्ट के निर्देशन और आबकारी निरीक्षक जयवीर सिंह के नेतृत्व में टीम ने बालावाला क्षेत्र की एक दुकान पर छापा मारा। तलाशी के दौरान 56 पाउच माल्टा देशी शराब और 20 पव्वे अंग्रेजी शराब बरामद हुए। मौके से अवैध शराब की बिक्री के आरोप में राजू कुमार निवासी बिजनौर, उत्तर प्रदेश, हाल निवासी बालावाला, देहरादून को गिरफ्तार किया गया।

इसके बाद टीम ने नेहरूग्राम स्थित दुर्गा बेकरी के समीप नलकूप पानी की टंकी पर दबिश दी। तलाशी के दौरान 67 पव्वे माल्टा टेट्रा पैक देशी शराब बरामद हुई। पुलिस/आबकारी टीम ने मौके से सागर कटारिया निवासी बागपत, उत्तर प्रदेश, हाल निवासी नेहरूग्राम, देहरादून को गिरफ्तार किया।

दोनों आरोपियों के खिलाफ आबकारी अधिनियम के तहत वैधानिक कार्रवाई की गई है।
🚨 देहरादून में भाजपा पार्षद के घर नशीला पदार्थ देकर लूट का आरोप, CCTV से खुलासा

देहरादून के विजय पार्क क्षेत्र में भाजपा पार्षद अमिता सिंह के घर कथित तौर पर खाने में नशीला पदार्थ मिलाकर लूट किए जाने का मामला सामने आया है। घटना के बाद सामने आए CCTV फुटेज के आधार पर पुलिस जांच में जुटी है।

बताया जा रहा है कि करीब 20 दिन पहले घर में रखा गया घरेलू सहायक पुलिस के संदेह के घेरे में है। आरोप है कि खाने में नशीला पदार्थ मिलाए जाने के बाद परिवार के सदस्यों की तबीयत बिगड़ गई। इसी दौरान घर से सोने के आभूषण और अन्य सामान गायब मिले।

पुलिस CCTV फुटेज और अन्य साक्ष्यों के आधार पर मामले की जांच कर रही है तथा संदिग्ध घरेलू सहायक की तलाश की जा रही है।
🚨 उत्तराखंड में सोलर बिजली की दरें नहीं बढ़ेंगी

देहरादून। सोलर बिजली की दरें बढ़ाने की मांग को उत्तराखंड विद्युत नियामक आयोग ने खारिज कर दिया है। आरई पावर जनरेटर्स सोसाइटी ने पहाड़ी क्षेत्रों में कम धूप और कम उत्पादन का हवाला देते हुए CUF मानक 19% से घटाकर 17% करने की मांग की थी।

आयोग ने मांग को खारिज करते हुए 19% CUF का मौजूदा मानक बरकरार रखा है। यूपीसीएल और उरेडा ने भी दरें बढ़ाने का विरोध किया था।
फिलहाल सोलर बिजली की दरों में कोई बढ़ोतरी नहीं होगी।
🚨कोटद्वार में TET परीक्षा के दौरान ‘मुन्ना भाई’ का मामला, दूसरे अभ्यर्थी की जगह परीक्षा दे रहा युवक हिरासत में

कोटद्वार में आयोजित TET परीक्षा के दौरान दूसरे अभ्यर्थी की जगह परीक्षा देने का कथित मामला सामने आया है। उत्तराखंड बेरोजगार संघ की शिकायत के बाद पुलिस-प्रशासन ने परीक्षा केंद्र पहुंचकर जांच की और परीक्षा दे रहे एक युवक को हिरासत में लिया।

उत्तराखंड बेरोजगार संघ के अध्यक्ष राम कंडवाल के अनुसार, उन्हें सूचना मिली थी कि काशीपुर निवासी अभ्यर्थी विशाल कुमार के स्थान पर कोई दूसरा युवक परीक्षा देने पहुंचा है। सूचना के बाद संघ की टीम परीक्षा केंद्र पहुंची और स्कूल प्रबंधन को मामले की जानकारी दी।

संघ ने पुलिस-प्रशासन से परीक्षा दे रहे युवक की पहचान और एडमिट कार्ड पर लगी फोटो का मिलान कराने की मांग की। पहचान को लेकर संदेह सामने आने के बाद पुलिस ने युवक को हिरासत में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी।

संघ अध्यक्ष राम कंडवाल ने मामले में नकल विरोधी कानून समेत संबंधित धाराओं के तहत कार्रवाई की मांग की है। उनका कहना है कि प्रतियोगी परीक्षाओं में पारदर्शिता बनाए रखना और मेहनत करने वाले अभ्यर्थियों के अधिकारों की रक्षा जरूरी है।

फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है और यह स्पष्ट किया जा रहा है कि परीक्षा केंद्र में पकड़ा गया युवक वास्तव में दूसरे अभ्यर्थी के स्थान पर परीक्षा देने आया था या नहीं।
🚨मुख्यमंत्री घोषणाओं पर मुख्य सचिव सख्त, 303 लंबित मामलों को जल्द निपटाने के निर्देश

देहरादून । मुख्य सचिव आनंद बर्द्धन ने सचिवालय में मुख्यमंत्री घोषणाओं की प्रगति की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को लंबित घोषणाओं को प्राथमिकता के आधार पर निर्धारित समयसीमा में पूरा करने के निर्देश दिए। उन्होंने विभागों के बीच बेहतर समन्वय और लंबित मामलों के त्वरित निस्तारण पर जोर दिया।

प्रदेश में कुल 4611 मुख्यमंत्री घोषणाओं में से 2852 पूरी हो चुकी हैं, जबकि 1759 पर कार्यवाही लंबित है। इनमें 1397 घोषणाओं पर विभिन्न स्तरों पर काम चल रहा है और 303 घोषणाएं अभी भी लंबित हैं। 11 अगस्त की समीक्षा में लंबित घोषणाओं की संख्या 627 थी, जो अब घटकर 303 रह गई है।
मुख्य सचिव ने यमुनोत्री ट्रैक रूट के संपूर्ण सुधारीकरण की कार्ययोजना तैयार करने के निर्देश दिए हैं। अधिकारियों को अगले 15 दिनों में इसका विस्तृत प्रस्तुतिकरण देने को कहा गया है। साथ ही ट्रैक रूट के लिए वैकल्पिक व्यवस्थाओं की संभावनाएं तलाशने के निर्देश भी दिए गए।

उन्होंने कहा कि लंबे समय से लंबित घोषणाओं का जल्द निस्तारण किया जाए और जिन घोषणाओं को मर्ज या विलोपित किया जाना है, उनकी प्रक्रिया भी समय से पूरी हो। सभी विभागों को योजनाओं की प्रगति पोर्टल पर लगातार अपडेट करने के निर्देश दिए गए।
बैठक में शहरों में ओपन स्पेस, सिटी पार्क और ईको पार्क विकसित करने, कोल्ड स्टोरेज के लिए उपयुक्त भूमि का चयन करने तथा विभिन्न विभागों के विकास एवं सौंदर्यीकरण कार्यों को आपसी समन्वय से एकीकृत रूप में करने पर भी चर्चा हुई।
🚨देहरादून की सड़कों पर प्रशासन का एक्शन, 48 प्रमुख मार्गों का होगा निरीक्षण

देहरादून । मानसून की बारिश से क्षतिग्रस्त सड़कों और जगह-जगह बने गड्ढों को लेकर जिला प्रशासन ने सख्ती शुरू कर दी है। जिलाधिकारी डॉ. आशीष चौहान के निर्देश पर देहरादून के 48 प्रमुख और आंतरिक मार्गों का स्थलीय निरीक्षण कराया जाएगा।

नामित अधिकारी अपने-अपने क्षेत्रों में सड़कों की स्थिति का जायजा लेकर गड्ढों और क्षतिग्रस्त हिस्सों को चिन्हित करेंगे। इसके बाद संबंधित विभागों और कार्यदायी संस्थाओं को मरम्मत एवं गड्ढों को भरने की कार्रवाई के निर्देश दिए जाएंगे।

निरीक्षण के दायरे में देहरादून-मसूरी मार्ग, राजपुर रोड, हरिद्वार बाईपास, कांवली रोड, पटेलनगर, धर्मपुर, रायपुर, सहस्रधारा रोड, जाखन, चकराता रोड, क्लेमेंटटाउन और प्रेमनगर समेत कई प्रमुख मार्ग शामिल हैं।

प्रशासन ने सभी नामित अधिकारियों को दो दिन के भीतर गड्ढों और क्षतिग्रस्त हिस्सों की फोटो सहित पूरी रिपोर्ट जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण (डीडीएमए) को उपलब्ध कराने के निर्देश दिए हैं। निरीक्षण के बाद संबंधित विभागों के माध्यम से सड़कों की मरम्मत कर उन्हें सुरक्षित और सुगम बनाने की कार्रवाई की जाएगी।
🚨विकलांगता प्रमाणपत्र के लिए मांगी ₹5 हजार की रिश्वत, जिला अस्पताल का ऑर्थोपेडिक सर्जन गिरफ्तार

रुद्रप्रयाग। विकलांगता प्रमाणपत्र बनाने के एवज में ₹5 हजार रिश्वत मांगना जिला अस्पताल रुद्रप्रयाग के ऑर्थोपेडिक सर्जन को भारी पड़ गया। सतर्कता विभाग की ट्रैप टीम ने मंगलवार को कार्रवाई करते हुए चिकित्सक डॉ. अंकुर ठाकुर को शिकायतकर्ता से कथित तौर पर ₹5 हजार रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार किया।

सतर्कता विभाग के मुताबिक, टोल फ्री नंबर 1064 पर शिकायत मिली थी कि जिला अस्पताल में तैनात ऑर्थोपेडिक सर्जन विकलांगता प्रमाणपत्र बनवाने के बदले रिश्वत की मांग कर रहे हैं। शिकायत के सत्यापन में प्रथम दृष्टया आरोप सही पाए जाने के बाद पुलिस अधीक्षक, सतर्कता सेक्टर देहरादून के निर्देश पर ट्रैप टीम गठित की गई।

मंगलवार को टीम ने जिला अस्पताल रुद्रप्रयाग में जाल बिछाकर कार्रवाई की और चिकित्सक को शिकायतकर्ता से ₹5 हजार लेते हुए गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तारी के बाद सतर्कता विभाग की टीम मामले से जुड़े अन्य पहलुओं की जांच कर रही है।

सतर्कता विभाग ने लोगों से भ्रष्टाचार से संबंधित शिकायतें टोल फ्री नंबर 1064 पर दर्ज कराने की अपील की है।
🚨ऋषिकेश में अवैध शराब तस्करी करते 190 पाउच के साथ आरोपी गिरफ्तार

ऋषिकेश। अवैध शराब की तस्करी के खिलाफ आबकारी विभाग की टीम ने कार्रवाई करते हुए 190 पाउच देशी शराब के साथ एक आरोपी को गिरफ्तार किया है।
26 सितंबर 2026 को आबकारी निरीक्षक प्रेरणा बिष्ट के नेतृत्व में टीम देहरादून-ऋषिकेश रोड पर जंगलात चौकी के पास चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान मुखबिर की सूचना पर काले रंग की स्कूटी (UK07X-4508) को रोकने का प्रयास किया गया, लेकिन चालक ने भागने की कोशिश की। टीम ने पीछा कर रेलवे फ्लाईओवर के पास स्कूटी को रोक लिया।

तलाशी के दौरान स्कूटी के बैग और डिग्गी में रखे कट्टे से माल्टा टेट्रा पैक देशी शराब के कुल 190 पाउच बरामद हुए। आरोपी की पहचान ऋषिपाल पुत्र हरि सिंह, निवासी दाबकी, थाना देहात, जिला सहारनपुर (उत्तर प्रदेश) के रूप में हुई।

आबकारी विभाग ने आरोपी को गिरफ्तार कर धारा 60/72 आबकारी अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज किया है। कार्रवाई में उप आबकारी निरीक्षक अर्जुन सिंह समेत आबकारी सिपाही अंकित कुमार, आशीष चौहान, रेशमा चौहान और सोनम पंवार शामिल रहे।
<nis:link nis:type=tag nis:id=rishikesh nis:value=Rishikesh nis:enabled=true nis:link/> <nis:link nis:type=tag nis:id=illegalliquor nis:value=IllegalLiquor nis:enabled=true nis:link/> <nis:link nis:type=tag nis:id=liquorsmuggling nis:value=LiquorSmuggling nis:enabled=true nis:link/> <nis:link nis:type=tag nis:id=excisedepartment nis:value=ExciseDepartment nis:enabled=true nis:link/> <nis:link nis:type=tag nis:id=uttarakhandnews nis:value=UttarakhandNews nis:enabled=true nis:link/> <nis:link nis:type=tag nis:id=newsmafiya nis:value=newsmafiya nis:enabled=true nis:link/>
🚨वर्ल्डस्किल्स 2026 में उत्तराखंड का जलवा, सानिया और पार्थ ने जीते रजत पदक

देहरादून । चीन के शंघाई में आयोजित 48वीं वर्ल्डस्किल्स प्रतियोगिता-2026 में भारत ने शानदार प्रदर्शन करते हुए 6 रजत पदक और 20 मेडलियन फॉर एक्सीलेंस हासिल किए। भारत ने प्रतियोगिता में वैश्विक स्तर पर 10वां स्थान प्राप्त किया, जिसे वर्ल्डस्किल्स में देश का अब तक का सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन बताया गया है।
इस उपलब्धि में उत्तराखंड के दो युवा प्रतिभागियों सानिया जोशी और पार्थ वोहरा ने भी अहम योगदान दिया। सानिया जोशी ने Retail Sales और पार्थ वोहरा ने Industrial Design Technology कौशल में शानदार प्रदर्शन करते हुए भारत के लिए रजत पदक जीता।

64 कौशल विधाओं में करीब 1,400 प्रतिभागियों ने लिया हिस्सा
22 से 27 सितंबर तक आयोजित इस अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिता में दुनिया के विभिन्न देशों से करीब 1,400 प्रतिभागियों ने 64 अलग-अलग कौशल विधाओं में हिस्सा लिया। प्रतियोगिता में युवाओं ने तकनीकी दक्षता, नवाचार, रचनात्मकता और व्यावसायिक कौशल का प्रदर्शन किया।

ऐसे वैश्विक मंच पर उत्तराखंड के दो युवाओं का पदक जीतना प्रदेश के लिए महत्वपूर्ण उपलब्धि माना जा रहा है।

इंडिया स्किल्स से वर्ल्डस्किल्स तक पहुंची प्रतिभा

सानिया जोशी और पार्थ वोहरा की सफलता के पीछे इंडिया स्किल्स 2025-26 की राज्य स्तरीय प्रतियोगिता और चयन प्रक्रिया महत्वपूर्ण रही। कौशल विकास एवं सेवायोजन विभाग तथा उत्तराखंड कौशल विकास समिति (UKSDS) की ओर से प्रदेश के युवाओं को विभिन्न कौशल प्रतियोगिताओं में प्रतिभाग करने के अवसर उपलब्ध कराए गए।

राज्य, क्षेत्रीय और राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिताओं में बेहतर प्रदर्शन करने वाले प्रतिभागियों को आगे अंतरराष्ट्रीय मंच पर देश का प्रतिनिधित्व करने का अवसर मिलता है। इसी प्रक्रिया के तहत सानिया और पार्थ ने वर्ल्डस्किल्स 2026 तक का सफर तय किया और भारत के लिए रजत पदक हासिल किए।

दोनों युवाओं की इस उपलब्धि को उत्तराखंड में कौशल विकास के क्षेत्र में किए जा रहे प्रयासों और युवाओं को राष्ट्रीय-अंतरराष्ट्रीय मंच उपलब्ध कराने की दिशा में महत्वपूर्ण सफलता के रूप में देखा जा रहा है।

<nis:link nis:type=tag nis:id=worldskills2026 nis:value=WorldSkills2026 nis:enabled=true nis:link/> <nis:link nis:type=tag nis:id=uttarakhand nis:value=Uttarakhand nis:enabled=true nis:link/> <nis:link nis:type=tag nis:id=indiaskills nis:value=IndiaSkills nis:enabled=true nis:link/> <nis:link nis:type=tag nis:id=skillindia nis:value=SkillIndia nis:enabled=true nis:link/> <nis:link nis:type=tag nis:id=dehradun nis:value=Dehradun nis:enabled=true nis:link/> <nis:link nis:type=tag nis:id=newsmafiya nis:value=newsmafiya nis:enabled=true nis:link/>
🚨देहरादून समाधान दिवस में 140 से ज्यादा शिकायतें, 73 वर्षीय रामप्यारी ने लगाए उत्पीड़न-मारपीट के आरोप

देहरादून। कलेक्ट्रेट सभागार में सोमवार को जिलाधिकारी डॉ. आशीष चौहान की अध्यक्षता में जन समाधान दिवस आयोजित किया गया। इस दौरान जिलेभर से पहुंचे लोगों ने भूमि विवाद, अतिक्रमण, पारिवारिक उत्पीड़न, मुआवजा, आर्थिक सहायता, भूमि पैमाइश और अवैध निर्माण समेत विभिन्न मामलों से जुड़ी 140 से अधिक शिकायतें दर्ज कराईं।

डीएम ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि प्रत्येक शिकायत का नियमानुसार, समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण निस्तारण किया जाए। उन्होंने कहा कि शिकायतों पर कार्रवाई केवल कागजों तक सीमित न रहे, बल्कि जरूरत के अनुसार मौके पर जांच कर शिकायतकर्ता को भी कार्रवाई की जानकारी दी जाए।

समाधान दिवस में वरिष्ठ नागरिकों से जुड़ी शिकायतों को भी गंभीरता से लिया गया। 73 वर्षीय रामप्यारी गोदियाल ने पारिवारिक उत्पीड़न, मारपीट और घर से निकाले जाने का आरोप लगाते हुए सुरक्षा और कानूनी कार्रवाई की मांग की। वहीं चन्द्रलोक बस्ती निवासी वृद्ध विधवा यशोदा देवी ने पुत्र और पुत्रवधू पर मानसिक एवं शारीरिक उत्पीड़न का आरोप लगाया। दोनों मामलों में डीएम ने संबंधित अधिकारियों को नियमानुसार कार्रवाई और सुरक्षा सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

विकासनगर के ईस्ट होपटाउन क्षेत्र के भूमि धारकों ने लंबे समय से लंबित मुआवजे के भुगतान की मांग रखी। वहीं कोल्हूपानी क्षेत्र में भूमि की पैमाइश और सीमांकन नहीं होने की शिकायत पर तहसीलदार विकासनगर को कार्रवाई के निर्देश दिए गए।
आईटी पार्क के पीछे वी.डी.जी. ग्रीन फ्लैट्स के निवासियों ने निर्माणाधीन बहुमंजिला भवन को लेकर शिकायत दर्ज कराई। शिकायतकर्ताओं ने निर्माण नियमों के उल्लंघन और सुरक्षा संबंधी समस्याओं का आरोप लगाया। मामले में डीएम ने एमडीडीए को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए। जॉलीग्रांट क्षेत्र में सरकारी भूमि पर अतिक्रमण और अवैध निर्माण की शिकायत पर एसडीएम डोईवाला और एमडीडीए से स्टेटस रिपोर्ट मांगी गई।

इसके अलावा घरेलू हिंसा और दहेज उत्पीड़न से जुड़ी शिकायत पर डीएम ने जिला प्रोबेशन अधिकारी को कार्रवाई के निर्देश दिए। पीड़िता को कानूनी सहायता उपलब्ध कराने के लिए जिला विधिक सेवा प्राधिकरण को निःशुल्क अधिवक्ता उपलब्ध कराने के निर्देश भी दिए गए।

डीएम ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि गंभीर और संवेदनशील शिकायतों को प्राथमिकता देते हुए शिकायतकर्ताओं को समयबद्ध राहत उपलब्ध कराई जाए। समाधान दिवस में अपर जिलाधिकारी केके मिश्रा, अपर जिलाधिकारी प्रशासन स्मृता परमार, पुलिस क्षेत्राधिकारी अनुज कुमार समेत संबंधित विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।
🚨देहरादून में अवैध निर्माण पर एमडीडीए का एक्शन, दो भवन सील

देहरादून विकास प्राधिकरण (एमडीडीए) ने अवैध निर्माण और बिना स्वीकृति किए जा रहे निर्माण कार्यों के खिलाफ कार्रवाई तेज कर दी है। इसी क्रम में सोमवार को देहरादून में दो अलग-अलग मामलों में भवनों को सील किया गया।

एमडीडीए की पहली कार्रवाई लाल बहादुर शास्त्री मार्ग, माजरा में हुई। यहां भूतल और प्रथम तल पर किए जा रहे भवन निर्माण के मामले में नियमानुसार कार्रवाई करते हुए संबंधित भवन को सील कर दिया गया। यह मामला वाद संख्या आर-0439/एस-1/2022 के तहत दर्ज था।

वहीं दूसरी कार्रवाई बंगाली कोठी, मोधरोवाला रोड में की गई। यहां किए जा रहे व्यावसायिक निर्माण को लेकर वाद संख्या सी-03076/एस-2/2026 के तहत कार्रवाई करते हुए निर्माण को सील किया गया।

एमडीडीए अधिकारियों ने बताया कि प्राधिकरण क्षेत्र में निर्माण गतिविधियों की लगातार निगरानी की जा रही है। बिना स्वीकृति या निर्धारित मानकों के विपरीत किए जा रहे निर्माण और अनधिकृत प्लाटिंग के खिलाफ आगे भी नियमानुसार कार्रवाई जारी रहेगी।

एमडीडीए उपाध्यक्ष बंशीधर तिवारी ने कहा कि नियमों का उल्लंघन कर किए जा रहे निर्माण को किसी भी स्थिति में प्रोत्साहित नहीं किया जाएगा। वहीं सचिव मोहन सिंह बर्निया ने भवन स्वामियों और निर्माणकर्ताओं से अपील की कि निर्माण शुरू करने से पहले जरूरी स्वीकृतियां और मानचित्र की स्थिति सुनिश्चित करें।
🚨उत्तरकाशी में फंसे ट्रैकर्स की सुरक्षित वापसी को लेकर CM धामी ने दिए निर्देश

देहरादून। उत्तरकाशी के उच्च हिमालयी क्षेत्रों में बर्फबारी के चलते फंसे ट्रैकर्स और पोर्टर्स को सुरक्षित निकालने के लिए राहत एवं बचाव अभियान जारी है। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने सचिव आपदा प्रबंधन से दूरभाष पर बातचीत कर अभियान की स्थिति और अब तक की कार्रवाई की जानकारी ली।

मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी ट्रैकर्स एवं पोर्टर्स की सुरक्षित वापसी को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जाए। उन्होंने राहत एवं बचाव कार्यों में उपलब्ध सभी आवश्यक संसाधनों का प्रभावी उपयोग करते हुए प्रभावित लोगों को सुरक्षित निकालने के निर्देश दिए।

उन्होंने प्रभावित क्षेत्र में मौजूद पर्यटकों को भी सुरक्षित उनके गंतव्य तक पहुंचाने के साथ-साथ भोजन, चिकित्सा सहायता और अन्य जरूरी सुविधाएं उपलब्ध कराने को कहा।

मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तराखंड आने वाले तीर्थयात्रियों और पर्यटकों की सुरक्षा राज्य सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है। प्रतिकूल मौसम को देखते हुए सभी संबंधित विभागों को पूरी सतर्कता और आपसी समन्वय के साथ राहत एवं बचाव कार्य संचालित करने के निर्देश दिए गए हैं।
🚨परचून की दुकान की आड़ में स्मैक का कारोबार, रायवाला से तस्कर गिरफ्तार

देहरादून। नशा तस्करों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत दून पुलिस ने स्मैक तस्करी के मामले में वांछित चल रहे एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस के मुताबिक आरोपी परचून की दुकान की आड़ में मादक पदार्थों की तस्करी करता था और उसके खिलाफ पहले से भी आधा दर्जन से अधिक मामले दर्ज हैं।

मामला रायवाला क्षेत्र का है। पुलिस ने 17 जुलाई 2026 को रायवाला बाजार में चेकिंग के दौरान शिवा तोमर नामक युवक को 7.30 ग्राम अवैध स्मैक के साथ गिरफ्तार किया था। इस मामले में रायवाला थाने में एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज किया गया था।
पूछताछ के दौरान शिवा तोमर ने पुलिस को बताया कि स्मैक की खरीद-फरोख्त में सोनूपाल पुत्र राजपाल की भूमिका थी। इसके बाद पुलिस ने आरोपी की तलाश शुरू की और उसके संभावित ठिकानों पर दबिश देने के साथ इलेक्ट्रॉनिक सर्विलांस की मदद ली।
लगातार प्रयासों के बाद पुलिस  ने 27 सितंबर 2026 को मुखबिर की सूचना पर वैदिक नगर ढाल के पास से सोनूपाल को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस पूछताछ में आरोपी ने कथित तौर पर बताया कि वह रायवाला क्षेत्र में परचून की दुकान चलाता है और उसकी आड़ में स्मैक की तस्करी करता था। पुलिस के अनुसार, आरोपी पहले भी मादक पदार्थों की तस्करी के मामलों में जेल जा चुका है। शिवा तोमर को बरामद स्मैक भी आरोपी द्वारा ही बेचे जाने की बात सामने आई है।
पुलिस के मुताबिक, पैसों के लेन-देन के लिए आरोपी अपनी पत्नी के मोबाइल नंबर और Google Pay खाते का इस्तेमाल करता था। शिवा तोमर की गिरफ्तारी की जानकारी मिलने के बाद से वह अपनी गिरफ्तारी से बचने के लिए अलग-अलग स्थानों पर छिप रहा था।

गिरफ्तार आरोपी:
सोनूपाल पुत्र राजपाल, निवासी वैदिक नगर तृतीय, कोतवाली रायवाला, देहरादून, उम्र 29 वर्ष।
🚨चीड़बासा स्लाइडिंग जोन में बड़ा रेस्क्यू ऑपरेशन, 1500 यात्रियों को सुरक्षित गौरीकुंड पहुंचाया

रुद्रप्रयाग। केदारनाथ यात्रा मार्ग पर चीड़बासा के पास देर रात स्लाइडिंग के चलते फंसे करीब 1500 यात्रियों को SDRF, NDRF और DDRF की संयुक्त टीमों ने सुरक्षित रेस्क्यू कर गौरीकुंड पहुंचाया

27 सितंबर की देर रात DCR रुद्रप्रयाग से सोनप्रयाग पुलिस को सूचना मिली कि गौरीकुंड से करीब तीन किलोमीटर आगे चीड़बासा क्षेत्र में स्लाइडिंग के कारण बड़ी संख्या में यात्री मार्ग के दूसरी ओर फंस गए हैं। सूचना मिलते ही SDRF सोनप्रयाग की टीम SI आशीष डिमरी के नेतृत्व में तत्काल मौके पर रवाना हुई।

चीड़बासा हैलीपैड के पास पहुंचने पर टीम को सड़क पर भारी मलबा जमा मिला। वहीं पहाड़ी से लगातार पत्थर गिरने के कारण यात्रियों की आवाजाही भी खतरनाक बनी हुई थी। स्थिति को देखते हुए SDRF, NDRF और DDRF की टीमों ने संयुक्त रेस्क्यू अभियान शुरू किया।
रेस्क्यू टीमों ने यात्रियों को सावधानीपूर्वक स्लाइडिंग जोन पार कराया और करीब 1500 यात्रियों को सुरक्षित दूसरी ओर पहुंचाकर गौरीकुंड रवाना किया। लगातार पत्थर गिरने और दोबारा स्लाइडिंग के खतरे के बीच टीमों के बेहतर समन्वय से अभियान सफलतापूर्वक पूरा किया गया।
🚨मासूम शर्मा को उत्तराखंड में मंच देने का विरोध, कार्यक्रम रद्द करने की मांग

देहरादून। हरियाणवी कलाकार मासूम शर्मा को उत्तराखंड में दोबारा कार्यक्रम के लिए आमंत्रित किए जाने को लेकर विरोध शुरू हो गया है। मूल निवास भू-कानून संघर्ष समिति के संस्थापक संयोजक मोहित डिमरी ने कार्यक्रम को तत्काल रद्द करने की मांग की है। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि कार्यक्रम रद्द नहीं किया गया तो क्रिकेट एसोसिएशन ऑफ उत्तराखंड (CAU) के कार्यालय में प्रदर्शन किया जाएगा।

मोहित डिमरी ने आरोप लगाया कि मासूम शर्मा पूर्व में उत्तराखंड को लेकर कथित आपत्तिजनक बयान दे चुके हैं, जिसके बाद प्रदेश में विरोध देखने को मिला था। उनका कहना है कि ऐसे विवाद के बावजूद उन्हें दोबारा उत्तराखंड में मंच दिया जाना प्रदेश की जनता की भावनाओं के अनुरूप नहीं है।

डिमरी ने उत्तराखंड के स्थानीय कलाकारों को मंच और अवसर देने की भी मांग उठाई। उन्होंने कहा कि प्रदेश में प्रतिभाओं की कमी नहीं है और स्थानीय कलाकारों एवं युवाओं को बड़े मंच उपलब्ध कराए जाने चाहिए।

कार्यक्रम की आयोजक महिमा वर्मा को लेकर भी डिमरी ने सवाल उठाए और कहा कि उत्तराखंड से जुड़े लोगों को ऐसे आयोजनों में प्रदेश की भावनाओं और स्थानीय प्रतिभाओं को प्राथमिकता देनी चाहिए।

डिमरी ने कहा कि यदि कार्यक्रम आयोजित किया जाता है तो समिति की ओर से लोकतांत्रिक एवं शांतिपूर्ण तरीके से विरोध किया जाएगा। उन्होंने प्रशासन से कानून-व्यवस्था बनाए रखने की जिम्मेदारी निभाने की भी अपील की।

उन्होंने दोहराया कि कार्यक्रम रद्द कर उत्तराखंड के स्थानीय कलाकारों को प्राथमिकता दी जानी चाहिए।

<nis:link nis:type=tag nis:id=uttarakhand nis:value=Uttarakhand nis:enabled=true nis:link/> <nis:link nis:type=tag nis:id=masoomsharma nis:value=MasoomSharma nis:enabled=true nis:link/> <nis:link nis:type=tag nis:id=dehradun nis:value=Dehradun nis:enabled=true nis:link/> <nis:link nis:type=tag nis:id=cau nis:value=CAU nis:enabled=true nis:link/> <nis:link nis:type=tag nis:id=uttarakhandartists nis:value=UttarakhandArtists nis:enabled=true nis:link/> <nis:link nis:type=tag nis:id=newsmafiya nis:value=newsmafiya nis:enabled=true nis:link/> <nis:link nis:type=tag nis:id=haryana nis:value=haryana nis:enabled=true nis:link/> <nis:link nis:type=tag nis:id=singer nis:value=singer nis:enabled=true nis:link/>
🚨देहरादून : निवेश के नाम पर ₹69 लाख की साइबर ठगी, STF ने नोएडा से आरोपी दबोचा

उत्तराखंड STF की साइबर टीम ने निवेश के नाम पर 69.90 लाख रुपये की साइबर धोखाधड़ी के मामले में एक आरोपी को गौतमबुद्धनगर, उत्तर प्रदेश से गिरफ्तार किया है। पुलिस के मुताबिक आरोपी गिरफ्तारी से बचने के लिए लगातार अपने ठिकाने बदल रहा था।

साइबर क्राइम पुलिस स्टेशन देहरादून में शिकायतकर्ता हनी सिंह पत्नी संदीप, निवासी देहरादून ने पुलिस को बताया था कि फेसबुक पर निवेश से जुड़ा विज्ञापन देखने के बाद उसे व्हाट्सऐप ग्रुप से जोड़ा गया। यहां अधिक मुनाफे का लालच देकर अलग-अलग बैंक खातों में रकम जमा कराई गई। शिकायत के आधार पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की।

जांच के दौरान पुलिस टीम ने संदिग्ध बैंक खातों, मोबाइल नंबरों और अन्य तकनीकी साक्ष्यों का विश्लेषण किया। इसी दौरान कोटक बैंक के एक खाते में साइबर ठगी से जुड़े करीब 10 लाख रुपये पहुंचने की जानकारी सामने आई। तकनीकी जांच के आधार पर आरोपी की लोकेशन गौतमबुद्धनगर में मिली।

इसके बाद स्थानीय पुलिस की मदद से STF टीम ने ग्रेटर नोएडा के ओमीक्रॉन-1 स्थित HIG अपार्टमेंट में दबिश देकर मुनिन्द्र भाटी पुत्र रविन्द्र भाटी मूल निवासी– ग्राम रौनी अस्तौली, नोएडा, उत्तर प्रदेश। हाल निवासी– HIG अपार्टमेंट, ब्लाक नं0 55, मकान नं0 101, ओमीक्रॉन-1, ग्रेटर नोएडा, उत्तर प्रदेश।  को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के अनुसार आरोपी अपने मूल पते पर न रहकर परिवार के साथ ग्रेटर नोएडा में रह रहा था।

ये सामान हुआ बरामद

i-Phone 13 मोबाइल फोन

2 सिम कार्ड

आधार कार्ड

कोटक बैंक का खाली चेक

STF के अनुसार पूछताछ में आरोपी को उसके खाते में आई 10 लाख रुपये की रकम के संबंध में संतोषजनक जानकारी नहीं दे पाया। मामले में जुड़े अन्य लोगों और साइबर ठगी के नेटवर्क के संबंध में भी पूछताछ की जा रही है। आरोपी के मोबाइल और बैंक खातों से जुड़े डिजिटल साक्ष्यों की भी जांच जारी है।

STF ने लोगों से अपील की है कि निवेश के नाम पर अधिक मुनाफे का लालच देने वाले संदिग्ध ऑफर से सावधान रहें और किसी अनजान व्यक्ति के साथ OTP, बैंकिंग डिटेल या अन्य संवेदनशील जानकारी साझा न करें। साइबर धोखाधड़ी होने पर तुरंत 1930 पर शिकायत दर्ज कराने की अपील की गई है।

<nis:link nis:type=tag nis:id=cybercrime nis:value=CyberCrime nis:enabled=true nis:link/> <nis:link nis:type=tag nis:id=uttarakhandstf nis:value=UttarakhandSTF nis:enabled=true nis:link/> <nis:link nis:type=tag nis:id=onlinefraud nis:value=OnlineFraud nis:enabled=true nis:link/> <nis:link nis:type=tag nis:id=cyberfraud nis:value=CyberFraud nis:enabled=true nis:link/> <nis:link nis:type=tag nis:id=dehradun nis:value=Dehradun nis:enabled=true nis:link/> <nis:link nis:type=tag nis:id=newsmafiya nis:value=newsmafiya nis:enabled=true nis:link/>
🚨देहरादून : पंचायत उपचुनाव को लेकर आचार संहिता लागू

देहरादून में त्रिस्तरीय पंचायतों के रिक्त पदों पर होने वाले उपचुनाव को लेकर संबंधित निर्वाचन क्षेत्रों में तत्काल प्रभाव से आदर्श आचार संहिता लागू कर दी गई है। जिला निर्वाचन अधिकारी (पंचायत) डॉ. आशीष चौहान ने आदेश जारी करते हुए बताया कि आचार संहिता मतगणना समाप्त होने तक प्रभावी रहेगी।
🚨देहरादून में पंचायत उपचुनाव का बिगुल, 30 सितंबर से नामांकन शुरू

देहरादून जिले में ग्राम पंचायतों के रिक्त पदों पर उपचुनाव की प्रक्रिया शुरू होने जा रही है। जिला निर्वाचन अधिकारी (पंचायत) डॉ. आशीष चौहान ने राज्य निर्वाचन आयोग की अधिसूचना के बाद चुनाव कार्यक्रम जारी कर दिया है।

निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार 30 सितंबर और 1 अक्टूबर को सुबह 10 बजे से शाम 5 बजे तक नामांकन पत्र दाखिल किए जाएंगे। 3 अक्टूबर को नामांकन पत्रों की जांच होगी, जबकि 4 अक्टूबर को सुबह 10 बजे से दोपहर 3 बजे तक नाम वापस लिए जा सकेंगे। 5 अक्टूबर को चुनाव चिन्ह आवंटित किए जाएंगे।
इसके बाद 12 अक्टूबर को सुबह 8 बजे से शाम 5 बजे तक मतदान कराया जाएगा। वहीं 14 अक्टूबर को सुबह 8 बजे से मतगणना शुरू होगी और परिणाम घोषित किए जाएंगे।

जिला निर्वाचन अधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को चुनाव कार्यक्रम के अनुसार सभी आवश्यक व्यवस्थाएं समय से पूरा करने और निर्वाचन प्रक्रिया को शांतिपूर्ण एवं निर्धारित समय-सारिणी के अनुसार संपन्न कराने के निर्देश दिए हैं।
🚨<nis:link nis:type=tag nis:id=breaking nis:value=Breaking nis:enabled=true nis:link/> रुद्रनाथ ट्रैक पर हादसा, 150 मीटर गहरी खाई से  घायल युवक रेस्क्यू 

चमोली। रुद्रनाथ ट्रैक पर सगर गांव से करीब 4 किलोमीटर आगे एक व्यक्ति के पहाड़ी से नीचे गिरने की सूचना पर SDRF टीम ने सर्च एवं रेस्क्यू अभियान चलाया। सूचना मिलते ही उप निरीक्षक मनोहर कन्याल के नेतृत्व में SDRF पोस्ट गौचर की टीम मौके पर पहुंची।

टीम ने करीब 150 मीटर गहरी खाई में खोजबीन कर घायल व्यक्ति को सुरक्षित रोड हेड तक पहुंचाकर आवश्यक कार्रवाई के लिए जिला पुलिस के सुपुर्द कर दिया गया।

युवक की पहचान 36 वर्षीय अशोक पुत्र श्रीकांत, निवासी मद्रास के रूप में हुई है।
🚨पौड़ी में युवाओं के लिए रोजगार का मौका, 28 सितंबर से 16 अक्टूबर तक सुरक्षा जवान भर्ती मेले

पौड़ी जनपद के शिक्षित बेरोजगार युवाओं को रोजगार से जोड़ने के लिए क्षेत्रीय सेवायोजन कार्यालय लैंसडाउन (जयहरीखाल) और एसएससीआई सिक्योरिटी लिमिटेड, देहरादून की ओर से सुरक्षा जवान भर्ती रोजगार मेलों का आयोजन किया जाएगा। भर्ती मेले 28 सितंबर से 16 अक्टूबर 2026 तक जिले के विभिन्न विकासखंडों में आयोजित होंगे। सभी मेले सुबह 10 बजे से दोपहर 3 बजे तक चलेंगे।

निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार 
28 सितंबर को पौड़ी, 
29 को कोट, 
30 को दुगड्डा,
 1 अक्टूबर को खिर्सू, 
3 को रिखणीखाल, 
5 को पाबौ, 
6 को पोखड़ा, 
7 को एकेश्वर, 
8 को जयहरीखाल, 
9 को कल्जीखाल, 
10 को द्वारीखाल, 
12 को थलीसैंण, 
13 को यमकेश्वर, 
14 को बीरोंखाल, 
15 अक्टूबर को नैनीडांडा विकासखंड कार्यालय और 
16 अक्टूबर को आईटीआई श्रीनगर में भर्ती मेला आयोजित होगा।

भर्ती के लिए अभ्यर्थी की आयु 18 से 40 वर्ष, न्यूनतम लंबाई 168 सेंटीमीटर और वजन 50 से 90 किलोग्राम निर्धारित किया गया है। शैक्षिक योग्यता हाईस्कूल रखी गई है। अभ्यर्थियों को आधार कार्ड, शैक्षिक प्रमाणपत्रों की छायाप्रति और नवीनतम पासपोर्ट साइज फोटो साथ लाना होगा।

क्षेत्रीय सेवायोजन अधिकारी अजय सिंह ने पात्र एवं इच्छुक युवाओं से निर्धारित तिथियों पर अपने नजदीकी केंद्र में पहुंचकर भर्ती मेले में शामिल होने और रोजगार के अवसर का लाभ उठाने की अपील की है।
🚨बद्रीनाथ मंदिर के पास कल्चरल फेस्टिवल में DJ डांस पर भड़के पुजारी-साधु संत, जताया कड़ा विरोध

बद्रीनाथ धाम के समीप आयोजित दो दिवसीय सांस्कृतिक महोत्सव को लेकर विवाद खड़ा हो गया है। सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे वीडियो में कार्यक्रम के दौरान तेज आवाज में DJ और कॉन्सर्ट शैली में संगीत बजता दिखाई दे रहा है। इसे लेकर तीर्थ पुरोहितों और साधु-संतों ने नाराजगी जताई है।

जानकारी के मुताबिक, 19 और 20 सितंबर को बद्रीनाथ मंदिर से सटे टूरिस्ट अराइवल प्लाजा में “Our Heritage, Our Future” थीम पर सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किया गया था। चमोली जिला प्रशासन और पर्यटन विभाग के अनुसार, यह आयोजन भारतीय सेना ने ‘ऑपरेशन सद्भावना’ के तहत किया था।

वहीं, प्रशासन का कहना है कि कार्यक्रम स्थल पर स्टॉल लगाने की अनुमति दी गई थी, जबकि DJ कार्यक्रम की जानकारी प्रशासन को नहीं दी गई थी।

उत्तराखंड तीर्थ पुरोहित समिति के महासचिव बृजेश सती ने कार्यक्रम पर आपत्ति जताते हुए कहा कि अप्रैल में भी मंदिर के कपाट खुलने से पहले इसी तरह का आयोजन हुआ था, जिसका पुजारियों ने विरोध किया था। वहीं, शंकराचार्य स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद सरस्वती ने भी बद्रीनाथ जैसे धार्मिक स्थल के समीप इस तरह के आयोजनों पर सवाल उठाते हुए ऐसे कार्यक्रमों पर रोक लगाने की मांग की है।

सामाजिक कार्यकर्ता अनूप नौटियाल समेत विपक्ष ने भी मामले को लेकर सरकार से जवाब मांगा है। उनका कहना है कि पर्यटन को बढ़ावा देने और धार्मिक स्थलों की परंपराओं के बीच संतुलन जरूरी है।
मामले में पर्यटन सचिव धीराज सिंह गर्ब्याल ने सेना से कार्यक्रम को लेकर जवाब मांगे जाने की बात कही है।

<nis:link nis:type=tag nis:id=badrinath nis:value=Badrinath nis:enabled=true nis:link/> <nis:link nis:type=tag nis:id=badrinathdham nis:value=BadrinathDham nis:enabled=true nis:link/> <nis:link nis:type=tag nis:id=uttarakhandnews nis:value=UttarakhandNews nis:enabled=true nis:link/> <nis:link nis:type=tag nis:id=chardhamyatra nis:value=CharDhamYatra nis:enabled=true nis:link/> <nis:link nis:type=tag nis:id=uttarakhandtourism nis:value=UttarakhandTourism nis:enabled=true nis:link/> <nis:link nis:type=tag nis:id=chamoli nis:value=Chamoli nis:enabled=true nis:link/> <nis:link nis:type=tag nis:id=badrinathdhamnews nis:value=BadrinathDhamNews nis:enabled=true nis:link/> <nis:link nis:type=tag nis:id=indianarmy nis:value=IndianArmy nis:enabled=true nis:link/> <nis:link nis:type=tag nis:id=operationsadbhavana nis:value=OperationSadbhavana nis:enabled=true nis:link/> <nis:link nis:type=tag nis:id=newsmafiya nis:value=newsmafiya nis:enabled=true nis:link/> <nis:link nis:type=tag nis:id=devbhoomiuttarakhand nis:value=DevbhoomiUttarakhand nis:enabled=true nis:link/>