आपदा प्रभावित क्षेत्रों में पहुंची केंद्रीय टीम, नुकसान का लिया जायजा
Kullu Times
गृह मंत्रालय के संयुक्त सचिव एम. रामचंद्रुडु ने बताया कि मानसून सीजन के दौरान प्राकृतिक आपदाओं से विभिन्न क्षेत्रों में हुए नुकसान का स्थलीय आकलन करने के लिए केंद्र सरकार ने अंतर-मंत्रालय केंद्रीय टीम का गठन किया है। इस टीम ने हिमाचल प्रदेश के चंबा, कांगड़ा और कुल्लू जिलों का दौरा कर आपदा प्रभावित क्षेत्रों में हुए नुकसान का निरीक्षण किया है। उन्होंने बताया कि निरीक्षण के दौरान भूस्खलन प्रभावित क्षेत्रों, क्षतिग्रस्त पेयजल योजनाओं, सड़कों एवं मकानों, भूमि धंसाव से प्रभावित स्थानों, विद्युत व्यवस्था, मत्स्य पालन केंद्रों तथा कृषि एवं बागवानी क्षेत्रों को हुए नुकसान का जायजा लिया गया है। स्थलीय निरीक्षण का उद्देश्य आपदा से प्रभावित विभिन्न परिसंपत्तियों और जनजीवन पर पड़े प्रभाव का आकलन करना है, ताकि नुकसान की वास्तविक स्थिति का आकलन किया जा सके।
एम. रामचंद्रुडु ने कहा कि हिमाचल प्रदेश सरकार की ओर से आपदा से हुए नुकसान की समग्र रिपोर्ट प्राप्त होने के बाद अंतर-मंत्रालय केंद्रीय टीम उसका आकलन करेगी। इसके उपरांत राहत सहायता के संबंध में अपनी सिफारिशें केंद्र सरकार को भेजी जाएंगी।
उन्होंने बताया कि विभिन्न जिलों में किए गए निरीक्षण के माध्यम से आपदा से प्रभावित क्षेत्रों तथा क्षतिग्रस्त सार्वजनिक एवं अन्य परिसंपत्तियों की स्थिति का जायजा लिया गया है। राज्य सरकार की ओर से प्रस्तुत नुकसान की रिपोर्ट और स्थलीय निरीक्षण के निष्कर्षों के आधार पर आगे की प्रक्रिया पूरी की जाएगी।
Kullu, Kullu | Sep 30, 2026