Public App Logo
तिरंगे की शान, बच्चों का जोश… -जीनियस ग्लोबल स्कूल में गूंजा देशभक्ति का जज्बा -एमडी नीति शर्मा ने बच्चों को बताया देश का भविष्य, शिक्षकों को कहा व्यक्तित्व तराशने वाला आर्किटेक्ट -जीनियस ग्लोबल स्कूल में धूमधाम से मनाया गया 80वां स्वतंत्रता दिवस सोलन शहर के आनंद विहार स्थित जीनियस ग्लोबल स्कूल में देश का 80वां स्वतंत्रता दिवस बड़े हर्षोल्लास और देशभक्ति के जज्बे के साथ मनाया गया। कार्यक्रम में स्कूल की एमडी नीति शर्मा विशेष रूप से मौजूद रहीं। छात्रों, शिक्षकों और स्टाफ ने उत्साहपूर्वक कार्यक्रम में भाग लिया। इस दौरान पूरा स्कूल परिसर देशभक्ति के रंग में रंगा नजर आया। कार्यक्रम की शुरुआत ध्वजारोहण के साथ हुई। तिरंगा फहराते ही पूरा परिसर राष्ट्रगान और देशभक्ति के नारों से गूंज उठा।छात्रों ने स्वतंत्रता सेनानियों और देश के वीर शहीदों को याद करते हुए राष्ट्र के प्रति अपने कर्तव्यों को निभाने का संकल्प लिया। इसके बाद छात्रों ने एक से बढ़कर एक रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए। बच्चों ने देशभक्ति गीतों, कविताओं, भाषणों और विभिन्न सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के माध्यम से स्वतंत्रता दिवस के महत्व को दर्शाया। नन्हे बच्चों की आकर्षक वेशभूषा विशेष आकर्षण का केंद्र रही। बच्चों ने अलग-अलग रूप धारण कर देश की विविधता, संस्कृति और स्वतंत्रता संग्राम की झलक प्रस्तुत की। उनकी शानदार प्रस्तुतियों पर अभिभावकों और शिक्षकों ने तालियों के साथ उनका उत्साह बढ़ाया। भारत मां के प्रति सम्मान और जिम्मेदारी का भाव जरूरी... इस अवसर पर स्कूल की एमडी नीति शर्मा ने सभी को स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि हमें अपने जीवन में मां के महत्व को हमेशा याद रखना चाहिए। जिस मां ने हमें जन्म दिया, उससे भी बड़ी हमारी धरती मां है, जो हमें भोजन देती है, सांस लेने के लिए हवा देती है और हमारा पूरा पालन-पोषण करती है। उन्होंने कहा कि हमें अपनी भारत मां के प्रति हमेशा सम्मान और जिम्मेदारी का भाव रखना चाहिए। हम जिएं और मरें, अपनी भारत मां के लिए समर्पित रहें। बच्चों को संबोधित करते हुए नीति शर्मा ने कहा कि आप देश का भविष्य हैं। आपके पीछे खड़े शिक्षक वे आर्किटेक्ट हैं, जो आपको तराश रहे हैं, आपके व्यक्तित्व को निखार रहे हैं और हर दिन कुछ नया करने की सीख दे रहे हैं। उन्होंने कहा कि बच्चों को अपने शिक्षकों की सीख को जीवन में उतारना चाहिए और देश के जिम्मेदार नागरिक बनकर भारत के भविष्य को मजबूत बनाने में योगदान देना चाहिए। नीति शर्मा ने कहा कि हर वर्ष की तरह इस बार भी स्कूल में स्वतंत्रता दिवस का कार्यक्रम उत्साह और उल्लास के साथ आयोजित किया गया। बच्चे कई दिनों से कार्यक्रम की तैयारियों में जुटे थे। छात्रों ने नियमित अभ्यास के साथ अपनी प्रस्तुतियों को बेहतर बनाने के लिए मेहनत की। शिक्षकों ने भी बच्चों को तैयार करने के साथ उनकी वेशभूषा, अनुशासन और अन्य व्यवस्थाओं पर विशेष ध्यान दिया। उन्होंने कहा कि स्वतंत्रता दिवस केवल उत्सव मनाने का अवसर नहीं है बल्क. छात्रों को देश के इतिहास, स्वतंत्रता सेनानियों के संघर्ष और राष्ट्र के प्रति उनके दायित्वों से परिचित करवाने का भी महत्वपूर्ण दिन है। ऐसे कार्यक्रमों से बच्चों में देशभक्ति, अनुशासन, एकता और जिम्मेदारी की भावना विकसित होती है। कार्यक्रम के दौरान बच्चों का उत्साह देखते ही बन रहा था। बच्चों की शानदार प्रस्तुतियों ने सभी का मन मोह लिया और स्वतंत्रता दिवस समारोह को यादगार बना दिया। पूरे कार्यक्रम के दौरान स्कूल परिसर में देशभक्ति और उत्साह का माहौल बना रहा। - Himachal Pradesh News