बाबा बैजनाथ महादेव की शाही सवारी में तैनात सभी अधिकारी अलर्ट मोड पर रहकर दायित्व निर्वहन करें - कलेक्टर डॉ. मीना
कलेक्टर एवं पुलिस अधीक्षक ने शाही सवारी की प्रशासनिक तैयारियों की समीक्षा कर मार्ग का किया भ्रमण
श्रावण मास के अंतिम सोमवार 24 अगस्त को बाबा बैजनाथ महादेव की भव्य शाही सवारी आगर नगर में निकाली जाएगी। बाबा बैजनाथ राजसी ठाट-बाट के साथ पालकी में सवार होकर नगर भ्रमण कर प्रजा का हाल जानेंगे।
शाही सवारी की तैयारियों के संबंध में कलेक्टर डॉ. शेर सिंह मीना एवं पुलिस अधीक्षक श्री दिलीप कुमार सोनी ने रविवार शाम को अधिकारियों की बैठक लेकर प्रशासनिक तैयारियों की विस्तार से समीक्षा की।
बैठक मंदिर परिसर स्थित सभा कक्ष में सायं 6:00 बजे आयोजित की गई। कलेक्टर डॉ. मीना ने शाही सवारी में तैनात सभी अधिकारियों को निर्देश दिए कि वे आपसी समन्वय एवं संवाद बनाए रखते हुए निर्धारित ड्यूटी पॉइंट पर निर्धारित समय पर उपस्थित रहें तथा कार्य समाप्ति तक ड्यूटी पॉइंट न छोड़ें। यातायात प्रबंधन, सुरक्षा व्यवस्था एवं अन्य आवश्यक तैयारियों की समीक्षा की गई।
कलेक्टर ने विद्युत विभाग को शाही सवारी मार्ग का भ्रमण कर लटकते विद्युत तारों को तुरंत दुरुस्त करने तथा विद्युत सुरक्षा के सभी उपाय सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। मुख्य नगर पालिका अधिकारी को मार्ग की सड़कों का निरीक्षण कर आवश्यक मरम्मत कार्य तुरंत पूर्ण करने हेतु निर्देशित किया गया।
बैठक के पश्चात सायं 7:00 बजे कलेक्टर एवं पुलिस अधीक्षक ने शाही सवारी मार्ग का भ्रमण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उन्होंने श्री बैजनाथ मंदिर परिसर, कोटा रोड, छावनी चौराहा, झण्डा चौक, नाना बाजार, गोपाल मंदिर, सराफा बाजार, हाटपुरा, पुराना अस्पताल चौराहा, नगर पालिका परिषद, सब्जी मंडी होते हुए पुरानी कृषि उपज मण्डी तक मार्ग का निरीक्षण किया। कलेक्टर ने मण्डी परिसर में विभिन्न स्थानों पर सीसीटीवी कैमरे लगाने तथा भक्त मण्डल द्वारा तैयार किए जा रहे प्रसादी स्थल का भी निरीक्षण किया।
इस अवसर पर अपर कलेक्टर डॉ शालिनी श्रीवास्तव, एसडीएम श्री मिलिंद ढोके, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री रविन्द्र कुमार बोयट, एसडीओपी श्री मोतीलाल कुशवाहा, डिप्टी कलेक्टर श्री प्रेम नारायण परमार सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी, तहसीलदार एवं शाही सवारी ड्यूटी में तैनात अधिकारी-कर्मचारी मंदिर प्रबंध समिति के सदस्य श्री दिनेश परमार एवं अन्य सदस्य गण तथा भक्त मंडल के सदस्य गण भी उपस्थित थे।
#agarmalwa
#शाहीसवारी
#बाबाबैजनाथ
Jansampark Madhya Pradesh
61 views | Agar Malwa, Madhya Pradesh | Aug 23, 2026