*प्रेस विज्ञप्ति*
समाहरणालय, मधेपुरा
जिला जनसंपर्क कार्यालय, मधेपुरा
दिनांक : 14 अगस्त 2026
*विभाजन विभीषिका स्मृति दिवस पर मधेपुरा में निकला कैंडल मार्च*
**विभाजन की त्रासदी में प्राण गंवाने वालों को दी गई भावभीनी श्रद्धांजलि,*
*राष्ट्रीय एकता एवं सामाजिक सद्भाव का लिया संकल्प**
मधेपुरा। भारत के इतिहास में 14 अगस्त का दिन एक ओर स्वतंत्रता की पूर्व संध्या के रूप में गौरव और उत्साह का प्रतीक है, वहीं दूसरी ओर वर्ष 1947 में हुए देश के विभाजन की विभीषिका, पीड़ा और विस्थापन की मार्मिक स्मृतियों को भी अपने साथ समेटे हुए है। विभाजन के दौरान अपने प्राण गंवाने वाले असंख्य लोगों तथा विस्थापन की पीड़ा झेलने वाले लाखों परिवारों को श्रद्धांजलि अर्पित करने एवं उनकी स्मृतियों को सम्मानपूर्वक याद करने के उद्देश्य से भारत सरकार द्वारा प्रत्येक वर्ष 14 अगस्त को ‘विभाजन विभीषिका स्मृति दिवस’ के रूप में मनाया जाता है।
इसी क्रम में जिला प्रशासन, मधेपुरा के तत्वावधान में शुक्रवार 14 अगस्त 2026 को विभाजन विभीषिका स्मृति दिवस के अवसर पर संध्या 6:30 बजे समाहरणालय परिसर से बी.पी. मंडल चौक तक कैंडल मार्च निकाला गया। कैंडल मार्च की अध्यक्षता प्रभारी मंत्री-सह-सूचना प्रौद्योगिकी मंत्री श्रीमती शीला मंडल ने की।
कैंडल मार्च में शामिल लोगों ने हाथों में जलती मोमबत्तियां लेकर विभाजन की त्रासदी में अपने प्राण गंवाने वाले सभी निर्दोष नागरिकों को भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की। मार्च के दौरान राष्ट्रीय एकता, अखंडता, आपसी भाईचारे एवं सामाजिक सद्भाव का संदेश दिया गया। कैंडल मार्च में बड़ी संख्या में लोगों की सहभागिता ने विभाजन की पीड़ा को स्मरण करते हुए शांति, सौहार्द और एकजुटता के प्रति सामूहिक प्रतिबद्धता को प्रदर्शित किया।
बी.पी. मंडल चौक पहुंचकर कैंडल मार्च का समापन किया गया। इसके पश्चात विभाजन की विभीषिका में जान गंवाने वाले लोगों की स्मृति में दो मिनट का मौन रखकर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की गई। इस दौरान उपस्थित लोगों ने देश की एकता एवं अखंडता को अक्षुण्ण बनाए रखने तथा समाज में प्रेम, सद्भाव और भाईचारे की भावना को और मजबूत करने का संकल्प लिया।
कैंडल मार्च में जिलाधिकारी श्री अभिषेक रंजन, पुलिस अधीक्षक डॉ. संदीप सिंह, अपर समाहर्ता श्री अरुण कुमार सिंह सहित जिले के जनप्रतिनिधिगण, सामाजिक कार्यकर्ता, वरीय पदाधिकारी, विभिन्न विभागों के पदाधिकारी एवं कर्मी, खिलाड़ी, जीविका दीदियां तथा अन्य गणमान्य एवं आमजन ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
*विभाजन की पीड़ा से सीख लेकर एकता को मजबूत करने का संदेश*
विभाजन विभीषिका स्मृति दिवस केवल अतीत की त्रासदी को स्मरण करने का अवसर नहीं, बल्कि वर्तमान एवं आने वाली पीढ़ियों को राष्ट्रीय एकता, सामाजिक सद्भाव और मानवीय मूल्यों के प्रति जागरूक करने का अवसर भी है। यह दिवस हमें यह संदेश देता है कि आपसी भाईचारा, सहिष्णुता, शांति और सद्भाव ही सशक्त एवं समृद्ध राष्ट्र की आधारशिला हैं।
मधेपुरा में आयोजित कैंडल मार्च के माध्यम से जिला प्रशासन एवं जिलेवासियों ने विभाजन की विभीषिका में अपने प्राण गंवाने वाले सभी लोगों को नमन करते हुए राष्ट्र की एकता, अखंडता, शांति, सद्भाव एवं भाईचारे को मजबूत बनाए रखने की सामूहिक प्रतिबद्धता दोहराई।
“ *अतीत की पीड़ा को स्मरण करें, उससे सीख लें और एकजुट होकर सशक्त भारत के निर्माण का संकल्प लें।”*
जिला जनसंपर्क कार्यालय, मधेपुरा
Information & Public Relations Department, Government of Bihar
11 views | Madhepura, Bihar | Aug 14, 2026