पंडित जवाहर लाल नेहरू राजकीय मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल चम्बा को सोशल मीडिया पर भ्रामक और झूठी खबरों के जरिए बदनाम करने वालों के खिलाफ अब कड़ी कानूनी कार्रवाई अमल में लाई जाएगी। मेडिकल कॉलेज के प्राचार्य डॉ. पंकज गुप्ता और प्रवक्ता डॉ. माणिक सहगल ने आज एक संयुक्त प्रेस वार्ता में कहा कि हाल ही में किसी निजी अस्पताल से जुड़े करीब सात साल पुराने मामले के उपभोक्ता आयोग के फैसले को कुछ असामाजिक तत्वों और सोशल मीडिया पेजों द्वारा चम्बा मेडिकल कॉलेज से जोड़कर प्रचारित किया गया, जो कि पूरी तरह तथ्यहीन और भ्रामक है। उन्होंने कहा कि संस्थान का पक्ष जाने बिना और तथ्यों की पुष्टि किए बिना सीधे तौर पर अस्पताल और डॉक्टरों की छवि को धूमिल करने का प्रयास किया गया। उन्होंने कहा कि मेडिकल कॉलेज चम्बा पहले से ही स्टाफ की कमी से जूझ रहा है और ऐसे नकारात्मक व प्रायोजित दुष्प्रचार के कारण विशेषज्ञ डॉक्टर यहां सेवाएं देने से कतराते हैं, जिससे सीधे तौर पर जिले की जनता को मिलने वाली स्वास्थ्य सेवाएं प्रभावित होती हैं। लगातार हो रहे ऐसे आधारहीन हमलों को देखते हुए सभी डॉक्टरों ने एकजुट होकर कड़ा रोष जताया है और इस संदर्भ में हस्ताक्षर युक्त ज्ञापन उपायुक्त चम्बा तथा जिला लोक संपर्क अधिकारी को भेजा जा रहा है, ताकि झूठी और भ्रामक पोस्ट डालने वाले सोशल मीडिया हैंडल्स की पहचान कर उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जा सके। उन्होंने लोगों से अपील की है कि वे किसी भी खबर को सांझा करने से पहले अस्पताल के अधिकृत प्रवक्ताओं या प्रबंधन से तथ्यों की पुष्टि अवश्य कर लें, अन्यथा बिना सत्यापन गलत जानकारी फैलाकर संस्थान की गरिमा को ठेस पहुंचाने वालों के खिलाफ सख्त कानूनी कदम उठाए जाएंगे। इस मौके पर चिकित्सा अधीक्षक डॉक्टर प्रदीप सिंह भी मौजूद रहे।
#Medical #College #Chamba #Himachal #Pradesh #post #highlight
Chamba, Chamba | Oct 1, 2026