त्योहार पर नेग मांगने को लेकर विवाद, किन्नरों का जोरदार हंगामा
हरदोई कछौना थाना क्षेत्र के रेलवे गंज स्थित हथौड़ा रोड पर त्योहार के मौके पर नेग मांगने को लेकर किन्नरों और एक कारखाना संचालक के बीच तीखी बहस हो गई। देखते ही देखते यह विवाद मारपीट और भारी हंगामे में तब्दील हो गया। घटना के विरोध में किन्नरों ने सड़क पर उतरकर जमकर नारेबाजी और प्रदर्शन किया।
पीड़ित किन्नर चुलबुली ने आरोप लगाया कि उनके साथी (काजल, स्वीटी और रिंकी) बाजार में दुकानदारों से त्योहार का नेग मांग रहे थे। जब वे हथौड़ा रोड स्थित एक कारखाना संचालक की दुकान पर पहुँचे, तो दुकानदार और उसके बेटे ने नेग देने से मना कर दिया और गाली-गलौज करते हुए लाठी-डंडों से हमला कर दिया। किन्नरों का दावा है कि इस दौरान धारदार हथियार/ब्लेड से भी हमला किया गया, जिसमें उनके साथियों को चोटें आई हैं।
दूसरी ओर, कारखाना संचालक ने किन्नरों पर अभद्रता और बदसलूकी करने का आरोप लगाया है।
हंगामे के दौरान बाजार में भारी भीड़ जमा हो गई और काफी देर तक अफरा-तफरी की स्थिति बनी रही। सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस बल मौके पर पहुँचा और प्रदर्शन कर रहे किन्नरों को शांत कराया।
पुलिस ने दोनों पक्षों की बातें सुनीं और स्थिति को नियंत्रित करते हुए उन्हें थाने ले आई। पीड़ित किन्नरों ने थाने में तहरीर देकर सख्त कार्रवाई और न्याय की मांग की है। पुलिस मामले की गहनता से जांच-पड़ताल कर रही है।
Hardoi, Hardoi | Oct 6, 2026