एक यूनिट रक्त, किसी की जिंदगी की उम्मीद
- सिटी सेंटर में मेगा ब्लड डोनेशन कैंप, महासाध्वी श्रुति जी ने खुद रक्तदान कर दिया सेवा का संदेश
सिरसा।
रक्त की एक यूनिट किसी अनजान व्यक्ति के लिए जिंदगी की नई उम्मीद बन सकती है। इसी संदेश के साथ तेरापंथ युवक परिषद सिरसा की ओर से अखिल भारतीय तेरापंथ युवक परिषद के राष्ट्रव्यापी अभियान के तहत श्रीमत सिटी सेंटर में मेगा ब्लड डोनेशन कैंप आयोजित किया गया। शिविर में रक्तदान को महज दान नहीं, बल्कि सामाजिक जिम्मेदारी और मानव सेवा से जोड़ने का संदेश दिया गया। शिविर का शुभारंभ महासाध्वी श्री श्रुति जी म. आदि ठाणे-5 के सान्निध्य में हुआ। उन्होंने कहा कि किसी व्यक्ति का जीवन बचाने का अवसर मिलना सौभाग्य की बात है। रक्तदान से बढ़कर कोई दान नहीं, क्योंकि इसका सीधा संबंध किसी की जिंदगी से है। महासाध्वी ने स्वयं रक्तदान कर उपस्थित लोगों का उत्साह बढ़ाया और अधिक से अधिक लोगों को स्वैच्छिक रक्तदान के लिए प्रेरित किया। शिविर में शिव शक्ति ब्लड बैंक, वरदान ब्लड बैंक और सिविल अस्पताल की टीमों ने रक्त एकत्रित किया। श्रीमत टेक्सवर्थ प्राइवेट लिमिटेड के निदेशक माधव जैन सहित समाजसेवियों और विभिन्न संस्थाओं से जुड़े लोगों ने उत्साहपूर्वक रक्तदान किया।
श्रीमत सिटी सेंटर के निदेशक संजीव जैन एडवोकेट ने कहा कि रक्तदान जैसे सेवा कार्य में भागीदारी करना उनके लिए गौरव की बात है। तेरापंथ युवक परिषद सिरसा के अध्यक्ष दीपक पुगलिया और मंत्री पीयूष पुगलिया ने बताया कि परिषद अभातेयुप के राष्ट्रव्यापी अभियान को सफल बनाने के लिए लगातार प्रयास कर रही है। उनका कहना था कि अभियान का उद्देश्य रक्तदान को व्यक्तिगत सेवा से आगे बढ़ाकर सामूहिक सामाजिक उत्तरदायित्व और राष्ट्रसेवा का हिस्सा बनाना है। हरियाणा मेगा ब्लड डोनेशन अभियान के प्रभारी देवेन्द्र डागा ने बताया कि अखिल भारतीय तेरापंथ युवक परिषद वर्ष 2012 से देश-विदेश में स्वैच्छिक रक्तदान के क्षेत्र में लगातार काम कर रही है। सुबह 9 बजे शुरू हुए शिविर में चेयरमैन रोहताश जांगड़ा, भाजपा जिलाध्यक्ष यतिंद्र सिंह एडवोकेट, वरिष्ठ चिकित्सक डॉ. वेद बैनीवाल, प्रो. रविंद्र पुरी सहित अनेक गणमान्य लोगों ने पहुंचकर रक्तदाताओं का उत्साह बढ़ाया। श्रीमत सिटी सेंटर की ओर से रक्तदाताओं को जलपान और स्मृति चिह्न देकर सम्मानित किया गया।
Sirsa, Sirsa | Oct 2, 2026