हरियाली सह तिरंगा यात्रा एवं पौधरोपण कार्यक्रम आयोजित
मध्यप्रदेश जन अभियान परिषद, मंडला के मार्गदर्शन में नवांकुर संस्था आदिवासी जनकल्याण विकास संस्थान द्वारा 14 अगस्त 2026 को ग्राम पंचायत मोहगांव, विकासखंड निवास में हरियाली सह तिरंगा यात्रा एवं पौधरोपण कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि श्रीमती मंजू कुलस्ते, जनपद अध्यक्ष निवास, सरपंच श्रीमती सुनीता उलाडी एवं अन्य जनप्रतिनिधियों द्वारा दीप प्रज्ज्वलन से हुआ। इस अवसर पर महिलाओं द्वारा 21 कलशों के साथ हरियाली यात्रा और स्वतंत्रता दिवस के उपलक्ष्य में तिरंगा यात्रा निकाली गई। पांच ग्रामों की 20-20 नवांकुर सखियों को पौधों का वितरण किया गया तथा विद्यालय परिसर में अमरूद, आंवला, जामुन, आम, कटहल जैसे फलदार पौधों का सामूहिक रोपण किया गया।
कार्यक्रम का उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्रों में पर्यावरण संरक्षण के प्रति जनभागीदारी बढ़ाना, अधिक से अधिक पौधरोपण को प्रोत्साहित करना और रोपित पौधों की नियमित देखभाल सुनिश्चित करना था। विकासखंड समन्वयक श्री सूरज बर्मन एवं कार्यक्रम समन्वयक श्री आरूणी सिंगरोरे ने नवांकुर सखियों को पौधों की सुरक्षा की जिम्मेदारी निभाने के लिए प्रेरित किया। अतिथियों ने पर्यावरण संरक्षण, जल संरक्षण और राष्ट्रप्रेम का संदेश दिया। कार्यक्रम में मेंटर श्री उत्तम सिंह परस्ते, ग्राम विकास प्रस्फुटन समितियों के सदस्य, नवांकुर सखियां एवं बड़ी संख्या में ग्रामीणजन उपस्थित रहे। समापन पर ’पौधरोपण के साथ संरक्षण ही वास्तविक हरियाली का आधार है’ के संकल्प के साथ कार्यक्रम संपन्न हुआ।
Jansampark Madhya Pradesh
CM Madhya Pradesh
#mandla
Mandla, Madhya Pradesh | Aug 16, 2026