लोहिया स्वच्छ बिहार अभियान एवं प्रधानमंत्री आवास योजना की प्रगति की समीक्षा, दो दिनों में भुगतान सुनिश्चित करने का निर्देश
मुजफ्फरपुर। उप विकास आयुक्त-सह-उपाध्यक्ष, जिला जल एवं स्वच्छता समिति, श्री निशांत सिहारा की अध्यक्षता में लोहिया स्वच्छ बिहार अभियान एवं प्रधानमंत्री आवास योजना के अंतर्गत संचालित कार्यों की प्रगति की समीक्षा की गई।
समीक्षा के दौरान वित्तीय वर्ष 2026-27 में कम भुगतान करने वाले प्रखंडों सरैया, गायघाट, मुरौल, बंदरा एवं सकरा में अपेक्षित प्रगति नहीं पाए जाने पर उप विकास आयुक्त ने संबंधित प्रखंड विकास पदाधिकारियों एवं प्रखंड समन्वयकों को कड़ी फटकार लगाई। उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिया कि दो दिनों के अंदर लंबित भुगतान की कार्रवाई सुनिश्चित करते हुए अपेक्षित प्रगति लाएं।
सामुदायिक शौच पीठ निर्माण में कम प्रगति वाले प्रखंड गायघाट, मुरौल एवं कटरा को कार्य में तेजी लाते हुए निर्धारित लक्ष्य के अनुरूप प्रगति सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया।
वहीं, IHHC एंट्री एवं जियो टैगिंग में अपेक्षित प्रगति नहीं करने वाले पारू, मड़वन, मुरौल, सकरा, कुढ़नी एवं कांटी प्रखंडों को कार्य में तेजी लाने तथा शत-प्रतिशत एंट्री एवं जियो टैगिंग सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया।
बैठक में SCWM कार्य की भी समीक्षा की गई। उप विकास आयुक्त ने सभी प्रखंडों को निर्देशित किया कि कार्यों में अपेक्षित प्रगति लाते हुए निर्धारित लक्ष्यों को समयबद्ध तरीके से पूरा करें। उन्होंने अधिकारियों को स्पष्ट रूप से कहा कि योजनाओं के क्रियान्वयन में किसी भी स्तर पर लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी तथा प्रगति की नियमित समीक्षा की जाएगी।