Public App Logo
बकानी में लाखों की नकबजनी का 48 घंटे में खुलासा, घर का नौकर ही निकला शातिर चोर पुलिस ने आरोपी पर्वत सिंह को गिरफ्तार कर चोरी का सामान किया बरामद, नकदी और सोने-चांदी के आभूषण जब्त बकानी। बकानी कस्बे में 13 अगस्त को हुई लाखों रुपये की नकबजनी की वारदात का पुलिस ने 48 घंटे में खुलासा करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार चोरी की वारदात को अंजाम देने वाला आरोपी घर पर काम करने वाला नौकर पर्वत सिंह तंवर निकला। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से चोरी की गई नकदी और सोने-चांदी के आभूषण बरामद किए हैं। मामले में आरोपी से पूछताछ और अनुसंधान जारी है। पुलिस के अनुसार बकानी निवासी बीना गांधी ने 14 अगस्त को थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई थी। रिपोर्ट में बताया गया कि उनके पति श्याममनोहर के उपचार के चलते वह जयपुर में थीं। 13 अगस्त को शाम करीब 7 बजे उन्हें घर के कमरों के ताले टूटे होने की सूचना मिली। घर पहुंचने पर अलमारियों के ताले टूटे मिले और सामान अस्त-व्यस्त था। जांच करने पर नकदी, सोने के कंगन तथा चांदी के सामान सहित लाखों रुपये का सामान गायब मिला। पुलिस अधीक्षक अमित कुमार के निर्देशन में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक भागचंद मीणा एवं संबंधित अधिकारियों की निगरानी में थाना बकानी पुलिस की टीम गठित की गई। मुखबिर तंत्र, गोपनीय जांच और तकनीकी सहायता के आधार पर पुलिस ने वारदात में वांछित आरोपी पर्वत सिंह तंवर निवासी रामपुरिया को गिरफ्तार किया। चोरी का सामान बरामद पुलिस ने आरोपी के कब्जे से 3 लाख 50 हजार रुपये नकद, करीब 14 लाख रुपये कीमत के दो सोने के कंगन, परिवादिया का मूल आधार कार्ड तथा करीब 1 लाख रुपये कीमत के चांदी के दो गिलास बरामद किए हैं। पुलिस आरोपी से चोरी किए गए अन्य सामान के संबंध में पूछताछ कर रही है। पुलिस टीम में थाना प्रभारी हरि सिंह मीणा, सहायक पुलिस निरीक्षक लक्षपत मीणा, कांस्टेबल शिवलाल गुर्जर, सहायक उपनिरीक्षक इरशाद मोहम्मद, कांस्टेबल विनोद कुमार, राकेश विश्नोई, सतीश कुमार एवं नरेंद्र सिंह शामिल रहे। #JhalawarNews #BakaniNews #RajasthanPolice #CrimeNews #HadotiTimes - Sangod News