हरिद्वार के बहादराबाद कोतवाली क्षेत्र में हाईवे पर महिलाओं से कथित बदसलूकी का मामला सामने आया है। शुक्रवार को एक कार में सफर कर रहीं महिलाओं ने आरोप लगाया कि दिल्ली नंबर की वैगनआर में सवार चार युवक उनका पीछा कर रहे थे और रास्ते में गाड़ी रोकने की कोशिश करते हुए गाली-गलौज व अभद्रता करने लगे। महिलाओं ने घटना का वीडियो बना लिया, जो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया। मामले की सूचना मिलने पर एसएसपी के निर्देश पर पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए कार को रोककर चारों युवकों को हिरासत में ले लिया। शिकायत के आधार पर पुलिस ने संबंधित धाराओं में केस दर्ज किया। मेडिकल जांच में युवकों के शराब पीने की पुष्टि होने की बात पुलिस ने कही है। वाहन सीज कर मोटर वाहन अधिनियम के तहत भी कार्रवाई की गई। पुलिस के मुताबिक युवकों ने बाद में हाथ जोड़कर माफी मांगी।
Baghpat, Bagpat | Oct 3, 2026