शेखपुरा के खिलाड़ियों के दम पर बिहार बना ओवरऑल चैंपियन
राष्ट्रीय ताइक्वांडो प्रतियोगिता में जिले के पांच खिलाड़ियों ने जीते 3 स्वर्ण, 1 रजत और 1 कांस्य पदक
शेखपुरा। मध्य प्रदेश के इंदौर में 2 से 4 अक्टूबर तक आयोजित 43वीं सब-जूनियर एवं जूनियर क्यूरगी राष्ट्रीय ताइक्वांडो प्रतियोगिता में शेखपुरा के खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए बिहार का नाम रोशन किया। जिले के पांच खिलाड़ियों ने प्रतियोगिता में हिस्सा लिया और सभी पांचों खिलाड़ियों ने पदक जीतकर ऐतिहासिक उपलब्धि हासिल की। शेखपुरा के खिलाड़ियों के शानदार प्रदर्शन के बदौलत बिहार की टीम ओवरऑल चैंपियन बनी।
प्रतियोगिता में बिहार की टीम को मध्य प्रदेश के कैबिनेट मंत्री कैलाश विजयवर्गीय ने ओवरऑल चैंपियन की ट्रॉफी प्रदान की। शेखपुरा के खिलाड़ियों ने अपने कौशल और बेहतरीन खेल का प्रदर्शन करते हुए कुल 3 स्वर्ण, 1 रजत और 1 कांस्य पदक अपने नाम किया।
पांचों खिलाड़ियों ने जीते पदक
सब-जूनियर अंडर-14 आयु वर्ग में:
26 किलोग्राम वर्ग: करिश्मा कुमारी — स्वर्ण पदक
35 किलोग्राम वर्ग: आयुष राज — स्वर्ण पदक
41 किलोग्राम वर्ग: पंकज कुमार — स्वर्ण पदक
जूनियर अंडर-17 आयु वर्ग में:
42 किलोग्राम वर्ग: प्रिया कुमारी — रजत पदक
51 किलोग्राम वर्ग: सृष्टि कुमारी गुप्ता — कांस्य पदक
ताइक्वांडो एसोसिएशन ऑफ शेखपुरा के सचिव सह राष्ट्रीय कोच कुंदन कुमार ने बताया कि बिहार से कुल 20 खिलाड़ियों ने प्रतियोगिता में भाग लिया, जिसमें शेखपुरा जिले के पांच खिलाड़ी शामिल थे। उन्होंने कहा कि जिले के सभी पांच खिलाड़ियों का पदक जीतना शेखपुरा ताइक्वांडो के लिए ऐतिहासिक उपलब्धि है। खिलाड़ियों ने कठिन मुकाबलों में शानदार प्रदर्शन करते हुए अपने-अपने वर्ग में पदक हासिल किए।
उन्होंने कहा कि शेखपुरा के खिलाड़ियों ने अपनी प्रतिभा, मेहनत और अनुशासन के दम पर राष्ट्रीय स्तर पर जिले का गौरव बढ़ाया है। यह उपलब्धि जिले के अन्य खिलाड़ियों को भी आगे बढ़ने के लिए प्रेरित करेगी।
शेखपुरा स्टेशन पर हुआ भव्य स्वागत
प्रतियोगिता से पदक जीतकर लौटे खिलाड़ियों का शेखपुरा रेलवे स्टेशन पर जोरदार स्वागत किया गया। ताइक्वांडो संघ के पदाधिकारियों, खेल प्रेमियों, अभिभावकों और खिलाड़ियों ने पदक विजेताओं को माला पहनाकर एवं मिठाई खिलाकर सम्मानित किया। इस दौरान खिलाड़ियों के उत्साहवर्धन के लिए बड़ी संख्या में लोग मौजूद रहे।
ताइक्वांडो एसोसिएशन ऑफ शेखपुरा के अध्यक्ष आशीष कुमार ने कहा कि जिले के ताइक्वांडो खिलाड़ी पूर्व में भी राष्ट्रीय स्तर पर कई पदक जीत चुके हैं। उन्हें पूरी उम्मीद थी कि इंदौर में भी शेखपुरा के खिलाड़ी शानदार प्रदर्शन करेंगे। पांचों खिलाड़ियों द्वारा पदक जीतना पूरे जिले के लिए गर्व की बात है।
इस अवसर पर खेल प्रभारी राकेश कुमार, शशि रंजन, शशिकांत कुमार, उप सचिव शेखर सुमन, कोषाध्यक्ष मानव गुप्ता, वरीय सदस्य श्रवण सिन्हा, रंजीत कुमार, विनीता कुमारी, सबीर हुसैन, मीडिया प्रभारी अभिनव राज, रीना मेहता सहित कई गणमान्य लोगों ने खिलाड़ियों को बधाई एवं शुभकामनाएं दीं।
इसके अलावा ताइक्वांडो एसोसिएशन ऑफ शेखपुरा के अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ी खुशबू कुमारी, राष्ट्रीय खिलाड़ी हर्ष उज्ज्वल, आशीष कुमार, अभिनव राज, माही मेहता, हर्षवर्धन कुमार, हिमांशु कुमार, दीपमाला, प्रिया, रोहित सैनी सहित खेल जगत से जुड़े खिलाड़ियों, खेल प्रेमियों, ताइक्वांडो परिवार के सदस्यों एवं अभिभावकों ने भी सभी पदक विजेता खिलाड़ियों को हार्दिक बधाई दी।शेखपुरा के पांचों खिलाड़ियों की इस उपलब्धि से जिले के खेल जगत में खुशी की लहर है। खिलाड़ियों के इस प्रदर्शन ने एक बार फिर साबित कर दिया कि सीमित संसाधनों के बावजूद शेखपुरा की प्रतिभाएं राष्ट्रीय स्तर पर अपनी पहचान बनाने का दम रखती हैं।