गांधी जयंती पर डीएवी पब्लिक स्कूल जोगिंदर नगर में मैराथन दौड़ का आयोजन
जोगिंदर नगर/पंकज पालिया।
राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की जयंती के उपलक्ष्य में डीएवी पब्लिक स्कूल जोगिंदर नगर में विद्यार्थियों में स्वास्थ्य, अनुशासन, एकता और खेल भावना को बढ़ावा देने के उद्देश्य से मैराथन दौड़ का आयोजन किया गया। प्रतियोगिता में कक्षा छठी से बारहवीं तक के करीब 80 विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
तीन किलोमीटर लंबी मैराथन बालकरूपी गेट से माउंट मौर्य विद्यालय तक आयोजित की गई। सुबह 9 बजे निर्धारित ड्रेस कोड में विद्यार्थी एकत्रित हुए और पूरे जोश एवं उमंग के साथ दौड़ में हिस्सा लिया। विद्यार्थियों ने दौड़ के माध्यम से स्वस्थ जीवनशैली, नियमित व्यायाम और अनुशासित जीवन का संदेश दिया।
प्रतियोगिता के अंडर-14 बालक वर्ग में प्रणव ने प्रथम, वंश ने द्वितीय और अक्षत ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। अंडर-14 छात्रा वर्ग में श्रेया प्रथम, आन्वी द्वितीय और शांभवी तृतीय स्थान पर रहीं।
इसी प्रकार अंडर-19 बालक वर्ग में अक्षत ने प्रथम, गौरव ने द्वितीय तथा प्रबल ने तृतीय स्थान हासिल किया। अंडर-19 छात्रा वर्ग में सारवी ने प्रथम, अनेशा ने द्वितीय और अंकिता ने तृतीय स्थान प्राप्त किया।
विद्यालय के प्रधानाचार्य संजय ठाकुर ने विजेता विद्यार्थियों को मैडल और प्रशस्ति-पत्र देकर सम्मानित किया। उन्होंने सभी प्रतिभागियों के उत्साह की सराहना करते हुए विजेताओं को बधाई दी।
प्रधानाचार्य संजय ठाकुर ने कहा कि इस प्रकार के आयोजन विद्यार्थियों में आत्मविश्वास, अनुशासन, धैर्य, सहयोग और खेल भावना विकसित करने के साथ-साथ उनके सर्वांगीण विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। उन्होंने कहा कि खेल एवं शारीरिक गतिविधियां बच्चों को स्वस्थ रखने के साथ उनमें राष्ट्रप्रेम, एकता और सकारात्मक सोच का भी विकास करती हैं।
विद्यालय प्रशासन की ओर से आयोजन को सफल बनाने के लिए विशेष प्रबंध किए गए। शिक्षकों ने विद्यार्थियों का उत्साहवर्धन करते हुए आयोजन में सहयोग दिया। विद्यालय द्वारा परिवहन सुविधा उपलब्ध न होने के बावजूद अभिभावकों ने पूर्ण सहयोग करते हुए अपने बच्चों को प्रतियोगिता में भाग लेने के लिए प्रोत्साहित किया।
मैराथन का आयोजन विद्यार्थियों के लिए उत्साह, ऊर्जा और सकारात्मक जीवन-मूल्यों से भरपूर रहा।