एरकी कला को बाल विवाह मुक्त बनाने का संकल्प, गांधी जयंती पर विशेष ग्राम सभा में प्रस्ताव पारित
औरंगाबाद जिला के प्रखंड मदनपुर अंतर्गत एरकी कला ग्राम पंचायत में गुरुवार को गांधी जयंती के अवसर पर विशेष ग्राम सभा का आयोजन किया गया।
ग्राम सभा में जन योजना अभियान के तहत ग्राम पंचायत विकास योजना 2027-28 पर चर्चा के साथ-साथ पंचायत को सुरक्षित बाल विवाह मुक्त ग्राम पंचायत बनाने का ऐतिहासिक प्रस्ताव सर्वसम्मति से पारित किया गया।सभा की अध्यक्षता मुखिया श्रीमती शकुंतला देवी ने की। संचालन पंचायत सचिव प्रेम कुमार ने किया। इस अवसर पर पंचायत के सभी वार्ड सदस्य, सरपंच, पंच एवं बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद थे।
सभा में बाल विवाह के दुष्परिणामों पर विस्तार से चर्चा हुई। वक्ताओं ने कहा कि कम उम्र में शादी से बच्चों का स्वास्थ्य, शिक्षा और भविष्य तीनों बर्बाद हो जाता है।इस मौके पर दीप ज्योति कल्याण संस्थान के जिला समन्वयक रितेश कुमार* ने कहा कि बाल विवाह रोकने में पंचायत प्रतिनिधियों की सबसे अहम भूमिका है। उन्होंने कहा कि बाल विवाह केवल जागरूकता से नहीं रुकेगा, बल्कि समय पर पहचान, सूचना और त्वरित कार्रवाई से ही इसे रोका जा सकता है। यदि कहीं भी बाल विवाह की सूचना मिले तो तुरंत 1098 चाइल्ड लाइन या प्रशासन को दें।अंत में मुखिया श्रीमती शकुंतला देवी ने सभी को संकल्प दिलाया कि एरकी कला पंचायत में एक भी बाल विवाह नहीं होने दिया जाएगा और हर बच्चे को शिक्षित कर उसके अधिकारों की रक्षा की जाएगी।