स्वच्छता कर्मियों के लिए स्वास्थ्य शिविर आयोजित, कर्मियों की हुई जांच
औरंगाबाद जिलाधिकारी के आदेशानुसार "स्वच्छता ही सेवा-2026" कार्यक्रम के तहत जिले के मदनपुर प्रखंड अंतर्गत सभी पंचायतों के पंचायत भवन परिसर में स्वच्छता कर्मियों के लिए स्वास्थ्य जांच शिविर का आयोजन किया गया।शिविर में पंचायत क्षेत्र में स्वच्छता कार्य में लगे सभी स्वच्छता कर्मियों एवं पर्यवेक्षकों के स्वास्थ्य की जांच की गई। शिविर के दौरान कर्मियों की सामान्य स्वास्थ्य जांच के साथ उनकी स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं की जानकारी ली गई।नियमित रूप से साफ-सफाई एवं कचरा प्रबंधन जैसे कार्यों में जुटे कर्मियों को स्वास्थ्य के प्रति जागरूक रहने तथा व्यक्तिगत स्वच्छता का विशेष ध्यान रखने की सलाह दी गई। अभियान के दौरान कर्मियों को कार्यस्थल पर आवश्यक सावधानियां बरतने, साफ-सफाई के दौरान सुरक्षा उपायों का पालन करने तथा किसी प्रकार की स्वास्थ्य समस्या होने पर समय पर चिकित्सकीय परामर्श लेने के लिए प्रेरित किया गया।
इस संबंध में जानकारी देते हुए प्रखंड समन्वयक स्वच्छ भारत मिशन (ग्रामीण) सह सदस्य सचिव प्रखंड अनुश्रवण इकाई मदनपुर ओम प्रकाश ने बताया कि शिविर में बेरी पंचायत के पर्यवेक्षक मोजमिल रजा, खिरियांवां के कुंदन कुमार, पिरथू, मणिका की सुषमा कुमारी सहित प्रखंड के अन्य पंचायतों के स्वच्छता पर्यवेक्षक रौशन कुमार व अन्य पर्यवेक्षक शामिल हुए।
पंचायत स्तर पर आयोजित इस शिविर का उद्देश्य स्वच्छता कार्य में महत्वपूर्ण भूमिका निभाने वाले कर्मियों के स्वास्थ्य की देखभाल सुनिश्चित करना और उन्हें सुरक्षित वातावरण में कार्य करने के लिए प्रोत्साहित करना रहा।