TRE-4 नोटिफिकेशन जारी होने के बाद भी छात्रों का आंदोलन जारी, विभिन्न मांगों को लेकर प्रदर्शन
पटना के गर्दनीबाग में TRE-4 समेत विभिन्न मांगों को लेकर छात्रों का आंदोलन जारी रहेगा। BPSC ने TRE-4 का नोटिफिकेशन जारी कर 32,388 पदों पर भर्ती की घोषणा कर दी है। आवेदन प्रक्रिया 1 सितंबर से शुरू होगी, लेकिन अभ्यर्थी अपनी मांगों को लेकर आंदोलन खत्म करने के मूड में नहीं हैं।
अभ्यर्थियों की प्रमुख मांग है कि TRE-4 में सिर्फ एक परीक्षा आयोजित की जाए। वे PT और Mains की व्यवस्था का विरोध कर रहे हैं। छात्रों का कहना है कि परीक्षा में नया पैटर्न लागू करना है तो इसे TRE-5 से लागू किया जाए। इसके साथ ही अभ्यर्थी TRE-4 में डोमिसाइल नीति लागू करने की भी मांग कर रहे हैं। छात्रों का कहना है कि नोटिफिकेशन जारी होना उनकी सभी मांगों का समाधान नहीं है। जब तक उनकी प्रमुख मांगों पर सरकार और BPSC की ओर से स्पष्ट निर्णय नहीं लिया जाता, तब तक गर्दनीबाग में छात्र न्याय सत्याग्रह जारी रहेगा। वहीं, नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव भी मंगलवार को आंदोलनरत छात्रों से मिलने पहुंचे। उन्होंने छात्रों को भरोसा दिलाया कि 19 अगस्त को राजभवन मार्च के दौरान उनकी मांगों को उठाया जाएगा।