*जिला पदाधिकारी एवं पुलिस अधीक्षक ने बाल पर्यवेक्षण गृह का किया संयुक्त निरीक्षण, व्यवस्थाओं का लिया जायजा*
**बच्चों की सुरक्षा, शिक्षा, स्वास्थ्य, पोषण एवं समुचित देखभाल प्रशासन की प्राथमिकता : जिला पदाधिकारी**
================
छपरा, 31 अगस्त 2026
================
जिला पदाधिकारी, सारण *श्री वैभव श्रीवास्तव* एवं पुलिस अधीक्षक, सारण श्री *रोशन कुमार* ने आज सारण स्थित *बाल पर्यवेक्षण गृह* का संयुक्त निरीक्षण किया। इस दौरान अधिकारियों ने बाल पर्यवेक्षण गृह में आवासित बच्चों को उपलब्ध कराई जा रही सुविधाओं, सुरक्षा व्यवस्था एवं अन्य मूलभूत व्यवस्थाओं का विस्तृत जायजा लिया तथा संबंधित पदाधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
निरीक्षण के क्रम में जिला पदाधिकारी एवं पुलिस अधीक्षक ने बच्चों से सीधे संवाद कर उनकी *दिनचर्या, पढ़ाई-लिखाई, कक्षाओं के संचालन, अतिरिक्त कक्षाओं एवं अन्य रचनात्मक गतिविधियों* के संबंध में जानकारी प्राप्त की। अधिकारियों ने बच्चों से उनकी समस्याओं एवं आवश्यकताओं के बारे में भी जानकारी ली तथा निर्देश दिया कि बच्चों की शिकायतों एवं समस्याओं की समुचित एवं समयबद्ध सुनवाई सुनिश्चित की जाए।
अधिकारियों ने बाल पर्यवेक्षण गृह में बच्चों को उपलब्ध कराए जा रहे भोजन की गुणवत्ता, निर्धारित समय पर *भोजन की उपलब्धता, नियमितता एवं स्वच्छता* का भी जायजा लिया। जिला पदाधिकारी ने संबंधित पदाधिकारियों को निर्देश दिया कि बच्चों को गुणवत्तापूर्ण एवं पौष्टिक भोजन उपलब्ध कराने में किसी भी प्रकार की कमी नहीं होनी चाहिए।
निरीक्षण के दौरान बाल पर्यवेक्षण गृह में *रजिस्टर एवं अभिलेखों के संधारण* की भी समीक्षा की गई। बताया गया कि बच्चों से संबंधित विभिन्न रिकॉर्ड एवं विवरण एक्सेल शीट के माध्यम से भी व्यवस्थित रूप से संधारित किए जा रहे हैं। जिला पदाधिकारी ने सभी अभिलेखों एवं रजिस्टरों को अद्यतन एवं व्यवस्थित रखने तथा रिकॉर्ड में किसी भी प्रकार की त्रुटि नहीं रहने देने का निर्देश दिया।
*सुरक्षा व्यवस्था* की समीक्षा के दौरान सीसीटीवी कैमरों की स्थिति, उनकी कार्यशीलता एवं निगरानी व्यवस्था की जानकारी ली गई। जिला पदाधिकारी ने सीसीटीवी कैमरों की *सतत एवं प्रभावी* निगरानी सुनिश्चित करने, सुरक्षा व्यवस्था को और सुदृढ़ रखने तथा किसी भी आकस्मिक स्थिति से निपटने के लिए आवश्यक प्रबंध सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।
जिला पदाधिकारी ने कहा कि *बाल पर्यवेक्षण गृह में रह रहे बच्चों की सुरक्षा, शिक्षा, स्वास्थ्य, पोषण एवं समुचित देखभाल प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है।* उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिया कि बच्चों को ऐसा सुरक्षित एवं सकारात्मक वातावरण उपलब्ध कराया जाए, जिससे वे अपने जीवन में सकारात्मक दिशा में आगे बढ़ सकें।
उन्होंने बच्चों की *शिक्षा एवं कौशल विकास* से संबंधित गतिविधियों को नियमित एवं प्रभावी ढंग से संचालित करने तथा उनकी आवश्यकताओं के अनुरूप अतिरिक्त कक्षाओं एवं अन्य रचनात्मक गतिविधियों का आयोजन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।
जिला पदाधिकारी ने बाल पर्यवेक्षण गृह में *साफ-सफाई, पेयजल, शौचालय, स्वास्थ्य सुविधा एवं अन्य मूलभूत व्यवस्थाओं* की नियमित समीक्षा एवं निरीक्षण करते हुए आवश्यकता के अनुसार तत्काल सुधारात्मक कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा।
पुलिस अधीक्षक श्री रोशन कुमार ने भी सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा करते हुए संबंधित कर्मियों को पूरी सतर्कता एवं संवेदनशीलता के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करने तथा बाल पर्यवेक्षण गृह में निर्धारित सुरक्षा मानकों का पूर्ण अनुपालन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।
निरीक्षण के अंत में जिला पदाधिकारी ने संबंधित पदाधिकारियों को निर्देश दिया कि बाल पर्यवेक्षण गृह की व्यवस्थाओं की *नियमित समीक्षा एवं निरीक्षण* करते हुए प्राप्त कमियों का तत्काल निराकरण किया जाए। साथ ही बच्चों की समस्याओं एवं आवश्यकताओं के समाधान में किसी भी स्तर पर अनावश्यक विलंब नहीं हो, यह सुनिश्चित किया जाए।
Saharsa, Bihar | Aug 31, 2026