बाढ़ राहत को लेकर समाहरणालय में गमछा बिछाकर धरने पर बैठे भाजपा विधायक, 4 घंटे तक DM से मिलने का इंतजार करते रहे। बोले- सम्राट चौधरी के आने तक नहीं उठूंगा।
बिहार के पश्चिम चंपारण में बाढ़ की भयावह स्थिति के बीच लौरिया के भाजपा विधायक विनय बिहारी ने अपनी ही सरकार के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है।
बाढ़ पीड़ितों को पर्याप्त राहत नहीं मिलने का आरोप लगाते हुए विधायक बेतिया समाहरणालय परिसर में गमछा बिछाकर धरने पर बैठ गए। विधायक ने कहा, _जैसी आपदा है, वैसी व्यवस्था नहीं है।_
उनकी मांग है कि बाढ़ प्रभावितों को पॉलिथीन, राशन और जरूरी राहत सामग्री पर्याप्त मात्रा में दी जाए। कई इलाकों में लोग अब भी सुविधाओं से वंचित हैं।
धरने के दौरान शायराना अंदाज में बोले -
"दुख है, दर्द है, मैं आह भर रहा हूं, अपने राजा के आने का इंतजार कर रहा हूं। ऊपर श्रीहरि, नीचे सम्राट चौधरी।"
विधायक का कहना है कि वह करीब 4 घंटे तक DM समेत अधिकारियों से मिलने का इंतजार करते रहे, मुलाकात नहीं हुई तो धरना शुरू किया।
उन्होंने ऐलान किया है कि जब तक मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी खुद बाढ़ क्षेत्र का निरीक्षण करने नहीं आते, वह धरने से नहीं उठेंगे। "हेलीकॉप्टर गरजेगा, उसको देखेंगे और अपना गमछा उठाकर चले जाएंगे।"
सूचना पर बेतिया DDC काजले वैभव नितिन ने विधायक से बातचीत की, लेकिन विधायक अपनी मांग पर अड़े रहे।