Public App Logo
कलेक्टर श्री कटेसरिया के निर्देश पर जिला अस्पताल की बंद लिफ्ट पुनः शुरू दो वर्ष से बंद लिफ्ट मरम्मत के बाद संचालित, मरीजों को स्ट्रेचर और व्हीलचेयर से आवागमन में मिलेगी सुविधा कलेक्टर श्री अजय कटेसरिया के निर्देश पर जिला अस्पताल परिसर स्थित मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य इकाई में पिछले दो वर्षों से बंद पड़ी मुख्य लिफ्ट को आवश्यक मरम्मत एवं तकनीकी परीक्षण के बाद पुनः संचालित कर दिया गया है। लिफ्ट के पुनः शुरू होने से गर्भवती महिलाओं, नवप्रसूताओं, गंभीर मरीजों तथा उनके परिजनों को अस्पताल की ऊपरी मंजिलों तक आने-जाने में बड़ी सुविधा मिलेगी। लिफ्ट लंबे समय से बंद होने के कारण मरीजों को विशेषकर स्ट्रेचर एवं व्हीलचेयर के माध्यम से ऊपरी मंजिलों तक पहुंचने में कठिनाई का सामना करना पड़ रहा था। *कलेक्टर श्री अजय कटेसरिया के संज्ञान में यह समस्या आने पर उन्होंने तत्काल अधिकारियों को लिफ्ट की तकनीकी जांच, आवश्यक मरम्मत एवं सुरक्षा मानकों का परीक्षण कराकर शीघ्र संचालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।* कलेक्टर के निर्देशों के बाद संबंधित तकनीकी टीम द्वारा लिफ्ट की आवश्यक जांच एवं मेंटेनेंस कार्य पूर्ण कराया गया। सुरक्षा मानकों का परीक्षण करने के उपरांत लिफ्ट को मरीजों एवं परिजनों के उपयोग के लिए शुरू कर दिया गया है। कलेक्टर श्री कटेसरिया ने निर्देश दिए हैं कि अस्पताल की महत्वपूर्ण सुविधाएं सुचारू रूप से संचालित रहें और मरीजों को किसी प्रकार की असुविधा न हो। भविष्य में लिफ्ट के संचालन में बाधा उत्पन्न न हो, इसके लिए नियमित मेंटेनेंस एवं आवश्यक तकनीकी निगरानी की व्यवस्था सुनिश्चित की गई है। सिविल सर्जन डॉ. ए.पी. सिंह ने बताया कि लिफ्ट शुरू होने से स्ट्रेचर और व्हीलचेयर के माध्यम से मरीजों के आवागमन में काफी सुगमता आएगी। अस्पताल प्रबंधन ने आमजन एवं मरीजों से लिफ्ट का निर्धारित नियमों के अनुसार उपयोग करने तथा स्वच्छता बनाए रखने में सहयोग की अपील की है। #JanSampark #Ratlam - Ratlam News