*#कहानी_बदलाव_की*
**खेती की पगडंडी से उद्योग की राह तक*
........
*बड़वानी की श्रीमती भावना पटेल ने लिखी सफलता की दास्तान*
बड़वानी 30 सितम्बर 2026/ पारंपरिक कृषि पृष्ठभूमि से ताल्लुक रखने के बावजूद, लीक से हटकर कुछ नया करने का संकल्प लिया और खेती-किसानी के दायरे से निकलकर औद्योगिक जगत में अपनी एक नई पहचान बनाई। बड़वानी जिले के राजपुर तहसील अंतर्गत ग्राम नरावला की रहने वाली महिला उद्यमी श्रीमती भावना पटेल ने अपनी मेहनत और दृढ़ संकल्प के बल पर मेसर्स पटेल एग्रो इंडस्ट्रीज की स्थापना कर एक मिसाल पेश की है। उनका यह उद्यम पर्यावरण संरक्षण और कृषि अपशिष्ट प्रबंधन (वेस्ट मैनेजमेंट) का एक बेहतरीन उदाहरण बन गया है।
पुरानी ड्रिप से तैयार होते हैं प्लास्टिक के दाने
श्रीमती भावना पटेल की इस इकाई में कृषि उपयोग के बाद बेकार हो चुकी पुरानी ड्रिप सिंचाई प्रणालियों (ड्रिप) को लाया जाता है। यहाँ आधुनिक मशीनों के माध्यम से इन पुरानी ड्रिपों को छोटे-छोटे प्लास्टिक के दानों में तोड़ा जाता है। इन दानों को आगे महाराष्ट्र स्थित रीसाइक्लिंग प्लांट में भेजा जाता है, जहाँ इनसे पूरी तरह नई ड्रिप पाइप लाइन तैयार की जाती हैं। यह प्रक्रिया पर्यावरण को प्लास्टिक कचरे से बचाने को बढ़ावा दे रही है।
शासन की योजना से मिला बड़ा वित्तीय संबल
राज्य शासन की महत्वाकांक्षी मध्य प्रदेश एमएसएमई प्रोत्साहन योजना स्थानीय उद्यमियों के लिए वरदान साबित हो रही है। जिला व्यापार एवं उद्योग केंद्र बड़वानी के माध्यम से इस इकाई को कुल 1,28,00,000/- रुपये की मान्य पूंजी पर राशि पर, महिला उद्यमी होने के नाते 48 प्रतिशत की दर से 61,44,000/- रुपये का उद्योग विकास अनुदान स्वीकृत किया गया है। यह अनुदान राशि चार समान वार्षिक किस्तों में देय होगी।
कृषक परिवार की पृष्ठभूमि से निकलकर प्लास्टिक रीसाइक्लिंग जैसे आधुनिक उद्योग में परचम लहराने वाली श्रीमती भावना पटेल की यह सफलता बड़वानी जिले ही नहीं, बल्कि पूरे प्रदेश की महिलाओं और युवाओं के लिए एक प्रेरणास्त्रोत है। यह साबित करता है कि सही सोच, नवाचार और सरकारी योजनाओं के संबल से ग्रामीण अंचल में भी बड़े बदलाव लाए जा सकते हैं।
#JansamparkMP
#Badwani
5 views | Barwani, Madhya Pradesh | Oct 1, 2026