बड़ामलहरा के पिपरिया नाले में मिला तेंदुए का शव, सभी अंग सुरक्षित
डीएफओ श्री ऋषि मिश्र ने दी जानकारी, प्रथम दृष्टया प्राकृतिक मृत्यु की आशंका
वन विभाग ने वन अपराध प्रकरण दर्ज कर शुरू की विस्तृत जांच
-----
वनमंडल छतरपुर अंतर्गत वन परिक्षेत्र बड़ामलहरा की बीट पश्चिमी विनेदा से लगे राजस्व क्षेत्र पिपरिया हल्का के नाले में एक मृत तेंदुए का शव मिलने का मामला सामने आया है। डीएफओ श्री ऋषि मिश्र ने बताया कि 13 अक्टूबर 2026 को सूचना प्राप्त होने पर वन विभाग द्वारा राष्ट्रीय बाघ संरक्षण प्राधिकरण (एनटीसीए), नई दिल्ली एवं कार्यालय मुख्य वन्यजीव अभिरक्षक, मध्यप्रदेश, भोपाल से जारी दिशा-निर्देशों के अनुरूप तत्काल कार्रवाई की गई।
घटनास्थल को सुरक्षित करते हुए आवश्यक घेराबंदी की गई तथा पन्ना टाइगर रिजर्व से डॉग स्क्वॉयड बुलाया गया। डॉग स्क्वॉयड द्वारा 13 अक्टूबर को घटनास्थल पर गहन छानबीन की गई। प्रारंभिक जांच में तेंदुए की मृत्यु प्राकृतिक कारणों से होना प्रतीत हुआ। मामले में वन अपराध प्रकरण 13 अक्टूबर 2026 को पंजीबद्ध किया गया है।
मृत तेंदुए का पोस्टमार्टम वन्यजीव चिकित्सक डॉ. संजीव कुमार गुप्ता, वन्यप्राणी स्वास्थ्य अधिकारी, पन्ना टाइगर रिजर्व तथा बृजेश कुमार कोर, ब्लॉक वेटरनरी ऑफिसर, बड़ामलहरा, जिला छतरपुर द्वारा किया गया। जांच के दौरान वन्यजीव तेंदुए के सभी अंग सुरक्षित पाए गए।
वन अपराध प्रकरण की विस्तृत जांच उपवनमंडलाधिकारी बकस्वाहा द्वारा की जा रही है। निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार तेंदुए के शव के दाह-संस्कार एवं भस्मीकरण की कार्रवाई की गई।
वन विभाग द्वारा संपूर्ण कार्रवाई की फोटोग्राफी एवं वीडियोग्राफी कराई गई है। प्रकरण में वन अपराध दर्ज कर विस्तृत जांच एवं अग्रिम वैधानिक कार्रवाई जारी है।
Jansampark Madhya Pradesh #chhatarpur