शासकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय निवाड़ी में NPTEL एवं SWAYAM पोर्टल पर पंजीयन कार्यशाला आयोजित
--
प्रधानमंत्री कॉलेज ऑफ एक्सीलेंस, अमर शहीद चंद्रशेखर आजाद शासकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय, निवाड़ी में विद्यार्थियों को ऑनलाइन उच्च गुणवत्ता वाले शैक्षणिक पाठ्यक्रमों से जोड़ने के उद्देश्य से NPTEL एवं SWAYAM पोर्टल पर पंजीयन संबंधी कार्यशाला का आयोजन प्राचार्य डॉ एम एन खान के मार्गदर्शन में किया गया।
कार्यशाला में डॉ. अमित पांडे, जो महाविद्यालय में NPTEL एवं SWAYAM के संयोजक हैं, ने विद्यार्थियों को पोर्टल की उपयोगिता, पंजीयन प्रक्रिया तथा उपलब्ध ऑनलाइन पाठ्यक्रमों के संबंध में विस्तार से जानकारी प्रदान की। उन्होंने विद्यार्थियों को बताया कि NPTEL एवं SWAYAM के माध्यम से विद्यार्थी देश के प्रतिष्ठित शिक्षण संस्थानों के विभिन्न विषयों से संबंधित पाठ्यक्रमों का ऑनलाइन अध्ययन कर सकते हैं तथा अपनी शैक्षणिक एवं व्यावसायिक दक्षताओं को विकसित कर सकते हैं।
डॉ. अमित पांडे ने विद्यार्थियों को पंजीयन की पूरी प्रक्रिया समझाते हुए पोर्टल पर पाठ्यक्रम का चयन, ऑनलाइन अध्ययन, पाठ्यक्रम से संबंधित गतिविधियों तथा प्रमाण-पत्र प्राप्त करने की प्रक्रिया के संबंध में भी जानकारी दी। उन्होंने विद्यार्थियों से अधिक से अधिक संख्या में इन ऑनलाइन शैक्षणिक प्लेटफॉर्म से जुड़ने का आह्वान किया।
कार्यक्रम का संयोजन डॉ. जितेन्द्र आरोलिया द्वारा किया गया। उन्होंने विद्यार्थियों को डिजिटल शिक्षा के बढ़ते महत्व से अवगत कराते हुए कहा कि आज के समय में ऑनलाइन शैक्षणिक प्लेटफॉर्म विद्यार्थियों को अपनी रुचि एवं आवश्यकता के अनुसार अतिरिक्त ज्ञान और कौशल प्राप्त करने का बेहतर अवसर प्रदान करते हैं।
#jansamparkMP #niwari