एसएमएस बायोफ्यूल ने स्वतंत्रता दिवस पर शासकीय स्कूलों को दी शैक्षणिक एवं खेल सामग्री
अनोखा तीर, हरदा। स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर छिंदगांव स्थित एसएमएस बायोफ्यूल प्राइवेट लिमिटेड द्वारा सामाजिक उत्तरदायित्व के तहत आसपास के शासकीय विद्यालयों में विद्यार्थियों के लिए शैक्षणिक, खेल एवं मनोरंजन संबंधी सुविधाएं उपलब्ध कराई गईं। कंपनी ने शासकीय हाई स्कूल छिंदगांव, शासकीय माध्यमिक विद्यालय छिंदगांव, शासकीय प्राथमिक विद्यालय छिंदगांव, शासकीय माध्यमिक विद्यालय रायबोर, शासकीय प्राथमिक विद्यालय रायबोर तथा शासकीय प्राथमिक विद्यालय पिपलिया कला में विभिन्न सामग्री भेंट की।
विद्यालयों में विद्यार्थियों के बैठने की सुविधा के लिए प्रत्येक स्कूल में दो-दो आरसीसी बेंच उपलब्ध कराई गईं। शासकीय माध्यमिक विद्यालय छिंदगांव में आवश्यक दस्तावेज एवं सामग्री के सुरक्षित रख-रखाव के लिए स्टील की अलमारी तथा विद्यार्थियों के लिए स्वच्छ पेयजल की सुविधा हेतु आरओ वॉटर प्यूरिफायर प्रदान किया गया।
वहीं शासकीय प्राथमिक विद्यालय छिंदगांव, पिपलिया कला एवं रायबोर में छोटे बच्चों के बैठने की सुविधा के लिए कुर्सियां एवं टेबल उपलब्ध कराई गईं। आंगनवाड़ी केंद्र में बच्चों के लिए खेल खिलौने एवं कुर्सी-मेज प्रदान किए गए। शासकीय हाई स्कूल छिंदगांव में छात्राओं एवं महिला शिक्षिकाओं की सुविधा के लिए सेनेटरी पैड डिस्पेंसर मशीन उपलब्ध कराई गई। कंपनी ने मशीन में सेनेटरी पैड समाप्त होने के बाद नियमित रूप से उनकी पुनःपूर्ति एवं उपलब्धता सुनिश्चित करने का संकल्प भी लिया।
ग्राम पंचायतों को आर्थिक सहयोग
कंपनी द्वारा ग्राम विकास एवं जनहितकारी कार्यों के लिए भी आर्थिक सहयोग प्रदान किया गया। श्री राम जानकी मंदिर छिंदगांव को 1 लाख 11 हजार रुपये, ग्राम पंचायत रायबोर को 1 लाख 11 हजार रुपये, छिंदगांव को 3 लाख रुपये तथा पिपलिया कला को 1 लाख 11 हजार रुपये की राशि के चेक प्रदान किए गए।
इन ग्राम पंचायतों में मनोरंजन एवं सार्वजनिक आयोजनों के उपयोग के लिए म्यूजिक सिस्टम भी उपलब्ध कराए गए। कंपनी की इस पहल से विद्यार्थियों को बेहतर शैक्षणिक वातावरण के साथ-साथ खेल एवं अन्य गतिविधियों के लिए आवश्यक सुविधाएं मिलने की उम्मीद है।
इस अवसर पर कंपनी के उपाध्यक्ष प्रवीण चौधरी, श्रीनिवास रेड्डी, कपिल देव, धर्मेंद्र सिंह, अमित मालवीय, विक्रम चौहान, सूरज रोतेल, ललित चौधरी, जय यादव, रसानंद ओझा एवं मानव संसाधन प्रबंधक अजय कुमार सहित कंपनी के अधिकारी उपस्थित रहे।
Harda, Harda | Aug 16, 2026