🚂 21 साल पुरानी मांग पूरी, मुरलीगंज में रात्रिकालीन ट्रेन का भव्य स्वागत
पाटलिपुत्र-पूर्णिया कोर्ट स्पेशल के लोको पायलट, सहायक लोको पायलट, गार्ड व स्टेशन मास्टर को रेल संघर्ष समिति ने अंगवस्त्र, माला व मिठाई खिलाकर किया सम्मानित।
मुरलीगंज (मधेपुरा)। पाटलिपुत्र रेलवे स्टेशन से पूर्णिया कोर्ट के लिए मंगलवार से शुरू हुई रात्रिकालीन स्पेशल ट्रेन के मुरलीगंज रेलवे स्टेशन पहुंचते ही रेल संघर्ष समिति के सदस्यों ने उत्साह और खुशी के साथ जोरदार स्वागत किया। लंबे समय से चली आ रही मांग पूरी होने पर समिति के सदस्यों में खासा उत्साह दिखा। स्टेशन पर ट्रेन के पहुंचते ही यात्रियों के बीच भी नई रेल सेवा को लेकर खुशी का माहौल रहा।
रेल संघर्ष समिति के सदस्यों ने ट्रेन के लोको पायलट और सहायक लोको पायलट को अंगवस्त्र एवं माला पहनाकर सम्मानित किया तथा मिठाई खिलाकर नई रेल सेवा के लिए खुशी जाहिर की। इसके साथ ही ट्रेन के गार्ड और स्टेशन मास्टर को भी अंगवस्त्र व माला पहनाकर सम्मानित किया गया। समिति के सदस्यों ने ट्रेन में सफर कर रहे यात्रियों से बातचीत कर रात्रिकालीन सेवा शुरू होने पर उनकी प्रतिक्रिया भी जानी।
समिति के सदस्यों ने ट्रेन के थ्री टियर एसी, टू टियर एसी और सामान्य कोच में जाकर यात्रियों से परिचालन की सुविधा के बारे में जानकारी ली। इस दौरान कई यात्रियों को मिठाई भी खिलाई गयी। यात्रियों ने रात्रिकालीन ट्रेन के परिचालन को क्षेत्र के लिए उपयोगी कदम बताया।
*21 वर्षों से चल रही थी रात्रिकालीन ट्रेन की मांग*
रेल संघर्ष समिति के सदस्यों ने कहा कि पटना से पूर्णिया के बीच रात्रिकालीन ट्रेन की मांग क्षेत्र के लोगों की करीब 21 वर्षों पुरानी मांग थी। लंबे संघर्ष और लगातार प्रयास के बाद यह मांग पूरी हुई है। समिति के अनुसार, प्रारंभ में ट्रेन के परिचालन की अनुमति सहरसा तक ही मिली थी। बाद में पूर्णिया सांसद राजेश रंजन उर्फ पप्पू यादव ने रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव से मिलकर लगातार प्रयास किया, जिसके बाद ट्रेन का विस्तार पूर्णिया कोर्ट तक किया गया।
*कोसी-सीमांचल के यात्रियों को बड़ी राहत*
रात्रिकालीन ट्रेन के पूर्णिया कोर्ट तक विस्तार से मधेपुरा, मुरलीगंज, बनमनखी और पूर्णिया समेत कोसी-सीमांचल के यात्रियों को काफी सुविधा मिलेगी। खासकर पटना और आसपास के क्षेत्रों से रात में यात्रा करने वाले यात्रियों को अब बेहतर विकल्प उपलब्ध होगा। समिति के सदस्यों ने ट्रेन के पूर्णिया कोर्ट तक विस्तार के लिए सांसद पप्पू यादव के प्रति आभार जताया।
पाटलिपुत्र-पूर्णिया कोर्ट स्पेशल ट्रेन से सहरसा पहुंचने में करीब 6 घंटे 55 मिनट, जबकि पूर्णिया कोर्ट पहुंचने में करीब साढ़े नौ घंटे का समय लगेगा। समिति ने उम्मीद जतायी कि भविष्य में इस ट्रेन को नियमित सेवा का दर्जा मिलने के साथ यात्रियों की सुविधाओं में भी और विस्तार किया जाएगा।
मौके पर बाबा दिनेश मिश्रा, प्रशांत यादव, विकास आनंद, सुजीत कुमार शास्त्री, विजय यादव, श्याम आनंद, कालेंद्र यादव, रोहन मिश्रा, दयानंद शर्मा, पवन यादव, संजय सुमन, जय, जयराम यादव, शैलेंद्र कुमार, प्रणव कुमार, रिंकी सिंह, अनुराग गौतम, ललन यादव सहित रेल संघर्ष समिति के अन्य सदस्य मौजूद थे।
📹 Sanjay Kumar मधेपुरा टाइम्स Madhepura Times
Ghailarh, Madhepura | Aug 18, 2026