Public App Logo
जनता दरबार में 21 शिकायतों पर हुई सुनवाई, त्वरित निष्पादन के निर्देश जहानाबाद। विभागीय निर्देश के आलोक में आमजनों की समस्याओं के त्वरित एवं प्रभावी समाधान के लिए सोमवार को समाहरणालय स्थित ग्राम प्लेक्स भवन में जनता दरबार का आयोजन किया गया। जिला पदाधिकारी श्रीमती छिरिङ वाई भूटिया के निर्देश पर आयोजित जनता दरबार में विभिन्न मामलों से संबंधित 21 शिकायतें एवं आवेदन प्राप्त हुए। उपस्थित पदाधिकारियों ने सभी मामलों की गंभीरता से सुनवाई करते हुए संबंधित विभागों को नियमानुसार त्वरित, समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण निष्पादन का निर्देश दिया। जनता दरबार में जीविका के माध्यम से रोजगार उपलब्ध कराने, पुरानी जमाबंदी में सुधार, अतिक्रमण हटाने, विद्युत विपत्र में सुधार, बंटवारा म्यूटेशन, नल-जल एवं चापाकल की मरम्मत सहित राजस्व, विद्युत, लोक स्वास्थ्य अभियंत्रण विभाग से जुड़े मामले सामने आए। रतनी फरीदपुर अंचल से संबंधित पुरानी जमाबंदी में सुधार, जहानाबाद सदर अंचल में अतिक्रमण हटाने तथा मोदनगंज अंचल में बंटवारा म्यूटेशन के मामलों में संबंधित अंचल अधिकारियों को शीघ्र कार्रवाई करने का निर्देश दिया गया। विद्युत विपत्र में सुधार से जुड़े मामले में कार्यपालक अभियंता, विद्युत को आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा गया। पीएचईडी से संबंधित नल-जल एवं चापाकल मरम्मत के मामलों में कार्यपालक अभियंता को पेयजल सुविधा जल्द बहाल करने एवं आवश्यक मरम्मत कराने का निर्देश दिया गया। वहीं, जीविका के माध्यम से रोजगार उपलब्ध कराने से संबंधित आवेदन पर भी नियमानुसार कार्रवाई करने को कहा गया। भूमि विवाद एवं अतिक्रमण से जुड़े मामलों में संबंधित राजस्व पदाधिकारियों को प्राथमिकता के आधार पर निष्पादन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया। पदाधिकारियों को स्पष्ट रूप से कहा गया कि जनता दरबार में प्राप्त प्रत्येक आवेदन का संवेदनशीलता, पारदर्शिता एवं समयबद्धता के साथ समाधान किया जाए, ताकि आमजनों को अनावश्यक परेशानी न हो। - Jehanabad News