हमीरपुर में कीचड़ भरे रास्ते से निकली शव यात्रा: वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल
अंतिम सफर भी नहीं हुआ आसान, जलनिकासी की बदहाली पर उठे सवाल
मौदहा (हमीरपुर)। खंडेह गांव में जलनिकासी की समस्या बरसात के दिनों में ग्रामीणों के लिए बड़ी परेशानी बन गई है। इसी समस्या का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है, जिसमें ग्रामीण कीचड़ और गंदे पानी से भरे रास्ते से शव यात्रा लेकर गुजरते दिखाई दे रहे हैं। करीब 1 मिनट के वायरल वीडियो में सात-आठ ग्रामीण एक अर्थी को कंधा देकर दलदलनुमा रास्ते से आगे बढ़ते नजर आ रहे हैं। वीडियो को खंडेह गांव का बताया जा रहा है।
बताया जा रहा है कि सोमवार को गांव निवासी वृद्ध जागेश्वर यादव के निधन के बाद उनकी शव यात्रा निकली थी। इस दौरान ग्रामीणों को जलभराव और कीचड़ से भरे रास्ते से होकर गुजरना पड़ा। ग्रामीणों के मुताबिक रामजानकी मंदिर जाने वाले मार्ग पर बाबूलाल यादव के घर के पास जलभराव की समस्या लंबे समय से बनी हुई है। यहां आरसीसी सड़क होने के बावजूद पानी की निकासी की समुचित व्यवस्था नहीं होने से बारिश के दिनों में रास्ता दलदल में तब्दील हो जाता है।
वीडियो वायरल होने के बाद सोशल मीडिया पर गांव की विकास व्यवस्था और जलनिकासी को लेकर तरह-तरह की प्रतिक्रियाएं सामने आ रही हैं। ग्रामीणों का कहना है कि समस्या का स्थायी समाधान होने से ही बरसात के दिनों में आवागमन की परेशानी दूर हो सकेगी।
Orai, Jalaun | Aug 18, 2026