वरिष्ठ नागरिक मंच देहरा ने धूमधाम से मनाया अंतरराष्ट्रीय वृद्धजन दिवस
#देहरा #kangralive #कांगड़ालाइव #dehra
90 वर्ष से अधिक आयु के 5 और 72 वर्ष से अधिक आयु के 32 वरिष्ठ नागरिकों को किया सम्मानित, 50 से अधिक लोगों ने उठाया निःशुल्क कान जांच शिविर का लाभ
देहरा। वरिष्ठ नागरिक मंच देहरा की ओर से अंतरराष्ट्रीय वृद्धजन दिवस वीरवार को श्री शनि मंदिर पैलेस, लोअर सुनहेत में धूमधाम से मनाया गया। कार्यक्रम में मंच के प्रधान जेसी आजाद, वरिष्ठ उपाध्यक्ष भूपेश उप्पल, सचिव ओंकार सिंह सिपहिया, उपाध्यक्ष नीलकंठ दत्ता सहित कार्यकारिणी के सदस्यों ने भाग लिया।
कार्यक्रम में डॉ. राजीव कुंडु ने मुख्य अतिथि तथा लेफ्टिनेंट कर्नल सूरम सिंह और स्वामी मनोज भारद्वाज ने विशिष्ट अतिथि के रूप में शिरकत की। इस अवसर पर मंच के पूर्व प्रधान जसवंत सिंह सिपहिया, आईपी सिंह और कोमल कांत शर्मा भी मौजूद रहे।
कार्यक्रम के दौरान वरिष्ठ नागरिकों ने गीत, कविताओं और अन्य सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के माध्यम से उपस्थित लोगों का मनोरंजन किया। सेवानिवृत्त सूबेदार अशोक कुमार ने इटैलियन नोटेशन अकादमी के विद्यार्थियों के साथ रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किया।
इस अवसर पर मंच की ओर से 90 वर्ष से अधिक आयु के 5 वरिष्ठ नागरिकों तथा 72 वर्ष से अधिक आयु के 32 सदस्यों को सम्मानित किया गया। वहीं, वरिष्ठ नागरिकों के स्वास्थ्य को ध्यान में रखते हुए निःशुल्क कान जांच शिविर भी लगाया गया, जिसमें 50 से अधिक लोगों ने अपनी कानों की जांच करवाकर शिविर का लाभ उठाया।
कार्यक्रम के माध्यम से वरिष्ठ नागरिकों के सम्मान, उनके अनुभवों और समाज में उनके योगदान को याद किया गया।
Kangra, Kangra | Oct 1, 2026