#Balrampur ! एसपी ने वृद्धाश्रम पहुँचकर वृद्धजनों का जाना हाल, बांटे कंबल व फल
#बलरामपुर! शिक्षा, सुरक्षा और सम्मान, यही है सशक्त नारी की पहचान' के संकल्प के साथ चलाए जा रहे मिशन शक्ति अभियान फेज-6.0 के तहत बलरामपुर पुलिस की अनोखी मानवीय पहल देखने को मिली। शारदीय नवरात्रि के पावन अवसर पर बुधवार को पुलिस अधीक्षक मार्तण्ड प्रकाश सिंह ने थाना गौरा चौराहा क्षेत्र स्थित आबर वृद्धाश्रम पहुँचकर बुजुर्गों से आत्मीय संवाद किया और उन्हें फल, मिष्ठान, अंग वस्त्र व कंबल वितरित किए।
कार्यक्रम के दौरान एसपी मार्तण्ड प्रकाश सिंह और अपर पुलिस अधीक्षक विशाल पाण्डेय ने वृद्धजनों का हाल-चाल जाना, उनके स्वास्थ्य एवं दैनिक दिनचर्या की जानकारी ली और उनकी समस्याओं को सुना। अधिकारियों ने बुजुर्गों की देखभाल में लगे कर्मचारियों के योगदान की सराहना करते हुए उन्हें भी उपहार व फल भेंट किए।
एसपी ने कहा कि इस तरह के आयोजनों का मुख्य उद्देश्य वरिष्ठ नागरिकों को सम्मान और अपनत्व का अहसास कराना है, ताकि समाज में सेवा व मानवीय संवेदनाओं को बढ़ावा मिल सके।
जिले भर के थानों में मना उत्साह
इसी क्रम में जनपद के थाना गैड़ास बुजुर्ग, कोतवाली उतरौला, सादुल्लाहनगर और कोतवाली जरवा समेत अन्य थानों की पुलिस ने भी अपने-अपने क्षेत्रों में पहुँचकर महिलाओं, बच्चों और बुजुर्गों के साथ समय बिताया। पुलिस ने जरूरतमंदों को फल, मिठाई और वस्त्र वितरित किए। अपने बीच पुलिस को पाकर बुजुर्गों और बच्चों के चेहरे खिल उठे और उन्होंने बलरामपुर पुलिस के प्रति आभार जताया।
कार्यक्रम में ये रहे मौजूद:
आयोजन के दौरान क्षेत्राधिकारी नगर अभिषेक सिंह, थाना प्रभारी गौरा चौराहा दुर्विजय सिंह, वृद्धाश्रम संचालक कैलाश नाथ पाण्डेय और प्रबंधक राजितराम विश्वकर्मा सहित पुलिस विभाग के कई अधिकारी व कर्मचारी उपस्थित रहे।